मंत्री संजय राठोड के निवास पर पहुंचे बागेश्वर बाबा
राठोड परिवार ने आचार्य धीरेंद्र शास्त्री का किया जल्लोषपूर्ण स्वागत

* शिवनेरी निवास पर हुई भेंट, बंजारा समाज की संत परंपरा पर हुई चर्चा
यवतमाल/दि.25- बागेश्वर बाबा के तौर पर विख्यात आचार्य धीरेंद्र शास्त्री ने आज राज्य के मृदा एवं जलसंवर्धन मंत्री तथा यवतमाल जिले के पालकमंत्री संजय राठोड के निवासस्थान शिवनेरी पर सदिच्छा भेट दी. इस समय मंत्री संजय राठोड एवं उनके पुत्र सोहम राठोड सहित राठोड परिवार के सदस्यों ने बागेश्वर धाम के महंत धीरेंद्र शास्त्री का भावपूर्ण स्वागत किया. इस समय मंत्री संजय राठोड ने धीरेंद्र शास्त्री का विधिवत स्वागत करते हुए कहा कि धर्म, संस्कार, राष्ट्रभक्ति और सनातन मूल्यों पर आधारित उनके विचार समाज को सकारात्मक दिशा देने वाले हैं. उन्होंने कहा कि उनके विचारों को सुनते समय यह अनुभव हुआ कि हिंदुत्व केवल एक विचारधारा नहीं, बल्कि जीवन जीने की प्रेरणा है.
इस दौरान मंत्री संजय राठोड ने बंजारा समाज की आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा का प्रतीक मानी जाने वाली पूज्य रामराव बापू महाराज की प्रतिमा धीरेंद्र शास्त्री को सम्मानपूर्वक भेंट की. साथ ही बंजारा समाज की अस्मिता, सांस्कृतिक परंपराओं और आध्यात्मिक धरोहर पर विस्तृत चर्चा भी की गई. मंत्री राठोड ने कहा कि पूज्य महाराज का आशीर्वाद प्राप्त होने से उन्हें और उनके पुत्र सोहम को नई ऊर्जा और प्रेरणा मिली है. उन्होंने इस मुलाकात को अपने जीवन का एक यादगार और प्रेरणादायी क्षण बताया. इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं एवं समर्थकों में भी उत्साह का वातावरण देखने को मिला. धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण को लेकर दोनों के बीच सकारात्मक संवाद हुआ.





