वारदात की फिराक में घूम रहे दो आरोपी हथियारों समेत गिरफ्तार

अमरावती क्राइम ब्रांच की कार्रवाई

अमरावती/दि.13- अमरावती शहर की क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वारदात को अंजाम देने की तैयारी में घूम रहे दो युवकों को घातक हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से दो तलवारें, दो चाइना चाकू और एक लोहे का चाकू बरामद किया गया है. पुलिस ने कुल 7 हजार रुपये मूल्य के हथियार जब्त किए हैं. गिरफ्तार आरोपियों के नाम अशोक नगर निवासी अमित साहेबराव तंतरपाले (19) तथा अशोक नगर निवासी अभिषेक भीमराव खडसे (25) है.
पुलिस आयुक्त राकेश ओला के निर्देश पर शहर में अवैध रूप से घातक हथियार रखने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक अतुल वर के नेतृत्व में टीम को गुप्त सूचना मिली कि गाडगे नगर थाना क्षेत्र में चीयर्स बार के पीछे दो युवक प्लास्टिक बैग में हथियार लेकर किसी गंभीर अपराध को अंजाम देने की नीयत से खड़े हैं. सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया. तलाशी के दौरान उनके पास से दो लोहे की तलवारें, दो चाइना चाकू और एक लोहे का चाकू बरामद किया गया. पुलिस की समय पर की गई कार्रवाई से एक संभावित गंभीर अपराध टल गया. गिरफ्तार आरोपियों के नाम अशोक नगर निवासी अमित साहेबराव तंतरपाले (19) तथा अशोक नगर निवासी अभिषेक भीमराव खडसे (25) है.
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गाडगे नगर पुलिस थाने में आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 तथा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 135 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है. यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त यशवंत सोलंके, पुलिस उपायुक्त श्याम घुगे, पुलिस उपायुक्त प्रांजलि सोनवणे, सहायक पुलिस आयुक्त कैलास पुंडकर तथा पुलिस निरीक्षक अतुल वर के मार्गदर्शन में अपराध शाखा की टीम ने संयुक्त रूप से अंजाम दी.

Back to top button