अमरावती-चिखलदरा विशेष पर्यटन बस को मिला शानदार प्रतिसाद
प्रकृति पर्यटन और वन्यजीव जागरूकता को मिलेगा बढ़ावा

अमरावती/दि.13- जिले के पालकमंत्री एवं राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुळे के निर्देश तथा जिलाधिकारी आशिष येरेकर की पहल पर महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन मंडल द्वारा शुरू की गई अमरावती-चिखलदरा विशेष वर्षा पर्यटन बस सेवा को पहले ही दिन पर्यटकों का उत्साहजनक प्रतिसाद मिला. रविवार को अमरावती मुख्य बस स्टैंड से रवाना हुई इस विशेष बस के लिए बड़ी संख्या में पर्यटकों ने पहले से ऑनलाइन आरक्षण कराया था.
इस पहल को और मजबूती उस समय मिली जब राज्य के मुख्य वन्यजीव रक्षक एवं प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) एम. एस. रेड्डी ने मेलघाट टाइगर रिजर्व क्षेत्र में संचालित शालेय प्रकृति शिक्षा एवं वन्यजीव जनजागरूकता कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को निःशुल्क शैक्षणिक भ्रमण की अनुमति प्रदान की. इससे भविष्य में विद्यार्थियों की प्रकृति एवं वन्यजीव संरक्षण कार्यक्रमों में अधिक भागीदारी की उम्मीद जताई जा रही है. पहले दिन बस के चालक पी. डी. किलोर, परिचालक डी. बी. म्हस्के, एटीएस कमल वानखेडे, ट्रैफिक कंट्रोलर इंदुरकर, मिश्रा, जावेद तथा डिपो प्रबंधक का चिखलदरा हनी स्फूर्ति खादी क्लस्टर के संचालक सुनील भालेराव ने खादी की मालाएं पहनाकर स्वागत किया. वहीं चालक और परिचालक ने यात्रियों का मिठाई बांटकर स्वागत किया. इस अवसर पर गजानन कडुकर ने भी सभी का अभिनंदन किया.
आषाढ़ी पंढरपुर यात्रा के कारण वाहनों की कमी के बावजूद पर्यटकों की सुविधा को देखते हुए फिलहाल यह विशेष बस प्रत्येक रविवार संचालित की जा रही है. एसटी डिपो प्रबंधन ने बताया कि यदि यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ती रही तो भविष्य में इस सेवा को प्रतिदिन शुरू करने का प्रयास किया जाएगा. यह विशेष बस सुबह 8 बजे अमरावती से चिखलदरा के लिए रवाना होती है तथा शाम 5 बजे चिखलदरा से वापस अमरावती लौटती है. यात्रियों के लिए ऑनलाइन आरक्षण की सुविधा भी किफायती दरों पर उपलब्ध कराई गई है.
जिला प्रशासन के अनुसार, मेलघाट टाइगर रिजर्व और अन्य अभयारण्यों में चलाए जा रहे शालेय प्रकृति शिक्षा एवं वन्यजीव जनजागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी में जंगल, वन्यजीव और जैव विविधता संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है. ऐसे में यह विशेष पर्यटन बस विद्यार्थियों को प्राकृतिक विरासत से सीधे जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी. हालांकि, कुछ पर्यटकों ने यह भी मांग उठाई कि राजस्व मुख्यालय अमरावती से चिखलदरा तहसील मुख्यालय तक नियमित सीधी बस सेवा उपलब्ध कराई जाए. जिला प्रशासन ने नागरिकों से वर्षा पर्यटन के लिए शुरू की गई इस विशेष बस सेवा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है.





