एक दिन में 238 शिकायतों का किया गया समाधान
अमरावती ग्रामीण पुलिस का ‘शिकायत निवारण दिवस’

अमरावती /दि.13– अमरावती ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के निर्देशानुसार जिले के सभी पुलिस थानों में शनिवार को ‘शिकायत निवारण दिवस’ आयोजित किया गया. इस दौरान नागरिकों की शिकायतें सुनकर उनके त्वरित निराकरण की कार्रवाई की गई.
शिकायत निवारण दिवस के तहत पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम स्वयं चांदूर रेलवे पुलिस थाने में उपस्थित रहे. वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दत्ता टोटेवाड़ आसेगांव पुलिस थाने में मौजूद रहे. इसके अलावा संबंधित उपविभागीय पुलिस अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के पुलिस थानों में उपस्थित रहे और सभी थाना प्रभारियों ने नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं. पुलिस विभाग के अनुसार, जिले के सभी पुलिस थानों में आयोजित शिकायत निवारण दिवस के दौरान कुल 238 शिकायतों का निराकरण किया गया. अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को सुनकर आवश्यकतानुसार तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए. अमरावती ग्रामीण पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रत्येक शनिवार को आयोजित होने वाले शिकायत निवारण दिवस का अधिक से अधिक लाभ उठाएं. किसी भी प्रकार की समस्या, शिकायत या कठिनाई होने पर संबंधित पुलिस थाने में पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराएं, ताकि उसका समयबद्ध और प्रभावी समाधान किया जा सके.