अब ‘फोन कॉल’ को लेकर भिडे सांसद वानखडे व विधायक राणा
विधायक राणा ने कहा, मैंने सांसद वानखडे को लगाया था फोन

* सांसद वानखडे बोले, मुझे फोन लगाने की उन्हें कोई जरूरत नहीं थी
अमरावती/दि.13– बडनेरा जुनी बस्ती परिसर में नवनिर्मित रेलवे उडानपुल का लोकार्पण समारोह कल रविवार 12 जुलाई को बडनेरा निर्वाचन क्षेत्र के विधायक रवि राणा तथा जिले के पूर्व सांसद नवनीत राणा की प्रमुख उपस्थिति में संपन्न हुआ. इस कार्यक्रम के दौरान अपने विचार व्यक्त करते हुए विधायक रवि राणा ने कहा कि उन्होने इस आयोजन में शामिल होने हेतु सांसद बलवंत वानखडे को चार बार फोन किया था और सांसद बलवंत वानखडे ने एक विवाह समारोह में जाने की बात कहते हुए इस लोकार्पण समारोह में शामिल होने को लेकर असमर्थता दर्शाई है. इस बात पर पलटवार करते हुए सांसद बलवंत वानखडे ने कहा कि विधायक रवि राणा द्बारा उन्हें फोन कॉल करने का कोई औचित्य ही नहीं था. क्योंकि उक्त कार्यक्रम विधायक रवि राणा का कोई व्यक्तिगत आयोजन नहीं था. बल्कि वह एक सरकारी कार्यक्रम था. ऐसे में अब उक्त लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर सांसद बलवंत वानखडे व विधायक रवि राणा के बीच राजी-नाराजी का एक नया सत्र शुरू होने की संभावना जताई जा रही है.
विशेष उल्लेखनीय है कि इस उडानपुल के लोकार्पण समारोह की निमंत्रण पत्रिका को लेकर दो दिन पहले से जबर्दस्त हंगामा मचा हुआ था. आयोजन को लेकर रेलवे विभाग द्बारा जारी की गई पत्रिका में सांसद बलवंत वानखडे के नाम का उल्लेख था. वहीं इस आयोजन हेतु विधायक रवि राणा की ओर से प्रकाशित निमंत्रण पत्रिका में सांसद बलवंत वानखडे का नाम शामिल नहीं किया गया. जिसके चलते बडनेरा जूनी बस्ती से कोंडेश्वर टी पाइंट परिसर में 64 करोड रूपए की लागत से बनाए गये उडानपुल के लोकार्पण कार्यक्रम की चर्चा पूरे शहर में थी. वहीं गत रोज आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान विधायक रवि राणा ने सांसद वानखडे को चार बार फोन लगाने की बात कहते हुए एक नई चर्चा को शुरू कर दिया है. जिसकी वजह से अमरावती में राजनीति के एक बार फिर जमकर तपने के पूरे आसार है.
* उक्त कार्यक्रम वस्तुत: सरकारी और प्रमुख तौर पर रेलवे विभाग का आयोजन था. रेलवे की ओर से जारी निमंत्रण पत्रिका में प्रोटोकाल के अनुसार सांसद के तौर पर मेरे नाम का उल्लेख था. वहीं विधायक राणा द्बारा व्यक्तिगत स्तर पर प्रकाशित की गई निमंत्रण पत्रिका में प्रोटोकॉल का ध्यान नहीं रखा गया और मेरे नाम का उल्लेख नहीं किया गया. इसके बावजूद भी विधायक राणा द्बारा मुझे फोन करने की कोई वजह नहीं थी. क्योंकि यह विधायक रवि राणा का कोई व्यक्तिगत कार्यक्रम नहीं था. एक तरफ जानबूझकर सांसद के नाम की अनदेखी करना और फिर सांसद को फोन करने की झूठी बात कहना, यह सीधे-सीधे उनका दोहरा रवैया है. जिसे जनता अब भली भांति समझ चुकी है.
बलवंत वानखडे, सांसद
* उडानपुल के लोकार्पण का कार्यक्रम काफी महत्वपूर्ण रहने के चलते जिले का सांसद होने के नाते इस कार्यक्रम में अवश्य उपस्थित रहने का निवेदन सांसद बलवंत वानखडे से किया गया था. जिसके लिए उन्हें चार बार फोन भी लगाया था. परंतु सांसद बलवंत वानखडे ने एक विवाह समारोह में जाना ज्यादा महत्वपूर्ण रहने की बात कहते हुए लोकार्पण समारोह में उपस्थित रहने को लेकर असमर्थता दर्शाई थी.
– रवि राणा, विधायक