मोझरी में दो भालुओं ने महिला पर किया हमला

मेलघाट में भालू का आतंक

* खेत के कुत्तों ने बचाई जान
अमरावती/दि.6 – मेलघाट क्षेत्र में भालुओं के हमले लगातार बढ़ते जा रहे हैं. चिखलदरा तहसील के मो़झरी गांव में मंगलवार दोपहर दो भालुओं ने एक महिला पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. खेत में मौजूद पालतू कुत्तों ने भालुओं पर हमला कर उन्हें खदेड़ा, जिससे महिला की जान बच सकी. घायल महिला की पहचान मोझरी निवासी जसमू रमेश दारसिंबे (35) के रूप में हुई है.
जानकारी के मुताबिक मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे वह खेत में बकरियां चरा रही थीं. इसी दौरान अचानक दो भालू वहां पहुंच गए और उन पर हमला कर दिया. महिला के शोर मचाने पर आसपास के किसान मौके पर पहुंचे. इसी बीच खेत के पालतू कुत्तों ने भालुओं पर भौंकते हुए हमला किया, जिससे दोनों भालू जंगल की ओर भाग गए. गंभीर रूप से घायल जसमू दरसिंबे को पहले अचलपुर उपजिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.
* मेलघाट में बढ़ रहे हैं भालू के हमले
पिछले दो सप्ताह में धारणी और चिखलदरा तहसील में भालुओं के हमलों की घटनाओं में लगातार वृद्धि हुई है. जंगल से लगे गांवों और खेतों में काम करने वाले किसानों व ग्रामीणों में भय का माहौल है. खेतों में अचानक भालुओं के पहुंचने से लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. सामाजिक कार्यकर्ता संजय बेलकर ने वन विभाग से प्रभावित क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने, ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा भालुओं की बढ़ती गतिविधियों पर तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है.

Back to top button