पूर्णा बांध के दो गेट खुले, नदी किनारे के गांवों को सतर्क रहने की चेतावनी
जलाशय 97.06 प्रतिशत भरा

* 9.04 घनमीटर प्रति सेकंड की रफ्तार से छोड़ा जा रहा पानी
अमरावती/दि.28- मध्यप्रदेश में पिछले दो दिनों से हो रही बारिश के चलते पूर्णा मध्यम परियोजना के जलाशय में तेजी से पानी की आवक बढ़ी है. जलाशय 97.06 प्रतिशत भर चुका है. बढ़ते जलस्तर को देखते हुए परियोजना प्रशासन ने रविवार सुबह बांध के दो गेट खोलकर पूर्णा नदी में पानी छोड़ना शुरू कर दिया है. नदी किनारे बसे गांवों को सतर्क रहने की चेतावनी दी गई है.
पूर्णा परियोजना नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के मुताबिक 27 सितंबर को सुबह 10 बजे जलाशय का जलस्तर 451.78 मीटर दर्ज किया गया. परियोजना में उपयोगी जल भंडार 34.3306 मिलियन घनमीटर हो गया है, जबकि बांध में 12.97 घनमीटर प्रति सेकंड की रफ्तार से पानी की आवक हो रही है. जलाशय में लगातार बढ़ रही पानी की आवक को देखते हुए सुबह 11 बजे से बांध के दो गेट 5-5 सेंटीमीटर खोले गए हैं. इन गेटों के माध्यम से नदी में 9.04 घनमीटर प्रति सेकंड की दर से पानी छोड़ा जा रहा है. यदि बांध में पानी की आवक और बढ़ती है तो आवश्यकता के अनुसार पानी की निकासी भी बढ़ाई जा सकती है.
* नदी किनारे के गांवों को सतर्क रहने के निर्देश
पानी छोड़े जाने के मद्देनजर प्रशासन ने संबंधित विभागों को स्थिति पर नजर रखने तथा नदी किनारे बसे गांवों के नागरिकों को सतर्क करने के निर्देश दिए हैं. बाढ़ नियंत्रण कक्ष और पूर्णा मध्यम परियोजना प्रशासन ने नागरिकों से नदी के आसपास जाने से बचने की अपील की है. प्रशासन ने विशेष रूप से मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर रखने और नदी में नहीं उतरने की अपील की है. जलाशय में पानी की आवक और बांध से होने वाली निकासी पर लगातार नजर रखी जा रही है.





