जन्मदिन की पार्टी के बाद तालाब में डूबे दो किशोरों की मौत
रत्नापुर तालाब में तैरने गए थे दोनों

* आपदा प्रबंधन टीम ने चलाया सर्च ऑपरेशन, देर रात मिले दोनों शव
अमरावती/दि.3 – दोस्त का जन्मदिन मनाने के बाद तालाब में तैरने गए दो किशोरों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई. यह दर्दनाक हादसा शुक्रवार, 2 अक्टूबर को शाम करीब 5.30 बजे बडनेरा थाना क्षेत्र के हनुमानगढ़ी के सामने स्थित रत्नापुर गांव के तालाब में हुआ. घटना की जानकारी मिलते ही जिला आपदा प्रबंधन टीम ने मौके पर पहुंचकर बचाव एवं खोज अभियान शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद दोनों किशोरों के शव बरामद किए गए. मृतकों का नाम गोपालनगर निवासी भावेश संतोष चव्हाण (17) और किरणनगर निवासी प्रवेश शैलेश कडू (16) है.
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार दोपहर करीब एक ही उम्र के आठ दोस्त भानेखेड़ रोड स्थित हनुमानगढ़ी के सामने रत्नापुर तालाब परिसर में अपने मित्र प्रणव का जन्मदिन मनाने पहुंचे थे. सभी दोस्तों ने वहां जन्मदिन की पार्टी की और कुछ समय साथ बिताया. पार्टी खत्म होने के बाद भावेश और प्रवेश तालाब में तैरने के लिए पानी में उतर गए. दोनों गहरे पानी में चले गए और कुछ ही देर में दिखाई देना बंद हो गए. यह देखकर उनके साथ मौजूद अन्य दोस्तों में अफरा-तफरी मच गई. उन्होंने तत्काल पुलिस और प्रशासन को घटना की जानकारी दी.
* शाम से शुरू हुआ बचाव अभियान
घटना की सूचना मिलने के बाद जिला आपदा प्रबंधन विभाग की टीम करीब शाम 6 बजे रत्नापुर तालाब पहुंची. टीम ने तत्काल दोनों किशोरों की तलाश शुरू की. मनपा का अग्निशमन दल भी भी वहां पहुंच गया था. खओज कार्य शुरू रहते घटनास्थल पर नागरिकों की भारी भीड जमा हो गई थी. तलाशी अभियान के दौरान कुछ ही समय में भावेश चव्हाण का शव बरामद कर लिया गया. इसके बाद दूसरे किशोर प्रवेश कडू की तलाश जारी रखी गई. आपदा प्रबंधन टीम ने देर रात तक तालाब में सर्च ऑपरेशन चलाया. करीब रात 9 बजे प्रवेश का शव भी पानी से बरामद कर लिया गया. घटना की जानकारी मिलते ही बडनेरा थानेदार हनमंत उरलागोंडावार और पुलिस उपनिरीक्षक संजय देशमुख भी घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर दोनों शवों को जिला सामान्य अस्पताल भेजा.
* शव अस्पताल पहुंचते ही परिजनों की भीड़
शुक्रवार रात दोनों किशोरों के शव जिला सामान्य अस्पताल लाए गए. हादसे की जानकारी मिलने के बाद उनके परिजन, रिश्तेदार और परिचित बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे. अचानक हुई दो किशोरों की मौत से परिवारों में मातम छा गया. इस दौरान कुछ लोगों ने प्रशासन पर तालाब की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए और आरोप लगाए कि यहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे. इससे अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया. स्थिति को देखते हुए पुलिस भी मौके पर मौजूद रही.
* एक साथ दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
भावेश और प्रवेश दोनों किशोर उम्र के थे. दोस्तों के साथ जन्मदिन की खुशी मनाने के लिए घर से निकले दोनों के अचानक मौत का शिकार होने से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. जिस स्थान पर कुछ घंटे पहले जन्मदिन की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहीं से दो परिवारों को अपने बच्चों की अर्थी उठानी पड़ी. घटना से क्षेत्र में भी शोक की लहर है. पुलिस और प्रशासन की ओर से घटना की आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.
* खोज दल में इन लोगों का था समावेश
भानखेडा के तालाब में डूबे दो युवकों का रात के अंधेरे में शव खोज निकालने के लिए आपदा दल के सचीन धरमकर, विशाल निमकर, कौस्तुभ वैद्य, आकाश निमकर, प्रशांत गायकवाड, मुकेश सदाशीव, दीपक भोईटे, चैतन्य पोहाणे, सचीन पवार, मनीष उताणे, गोकुल मुंडे, आपदा मित्र प्रफुल भुसारी का समावेश था.





