उजेर खान 2 मई तक फिर पीसीआर में
एक अन्य मामले में दी गई पुलिस कस्टडी

* परतवाडा सेक्स स्कैंडल में सहआरोपी है उजेर
परतवाड़ा/अचलपुर/दि.29 – राज्यभर में खलबली मचा चुके परतवाड़ा वीडियो वायरल कांड के दूसरे प्रमुख आरोपी उजेर खान इकबाल खान की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं. अयान अहमद के मोबाइल से अश्लील वीडियो चोरी कर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप में गिरफ्तार उजेर खान को अब एक 16 वर्षीय किशोरी के विनयभंग मामले में 2 मई तक पुलिस हिरासत में रखने का आदेश न्यायालय ने दिया है.
जानकारी के अनुसार, परतवाड़ा वीडियो कांड के मुख्य आरोपी अयान अहमद का मोबाइल चोरी कर उसमें मौजूद नग्न वीडियो अपने मोबाइल में डाउनलोड कर सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप में अचलपुर निवासी उजेर खान इकबाल खान (20) को 15 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया था. इस मामले में न्यायालय ने उसे 27 अप्रैल तक पुलिस कस्टडी रिमांड (पीसीआर) में भेजा था. इसी दौरान, 15 अप्रैल को एक 16 वर्षीय पीड़िता की मां ने उजेर खान के खिलाफ परतवाड़ा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में आरोप लगाया गया कि उजेर खान ने उनकी नाबालिग बेटी का पीछा किया और यौन शोषण की नीयत से उसके साथ छेड़छाड़ की.
पहले मामले में पुलिस हिरासत की अवधि 27 अप्रैल को समाप्त होने के बाद अदालत के निर्देशानुसार उजेर खान को 28 अप्रैल को दोबारा न्यायालय में पेश किया गया. इस बार उसे नाबालिग किशोरी के विनयभंग मामले में अदालत के समक्ष प्रस्तुत किया गया. जिला एवं सत्र न्यायालय में अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश-2 सागर पाटिल ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद उजेर खान को 2 मई तक पुलिस कस्टडी रिमांड में भेजने का आदेश दिया. उजेर खान के खिलाफ यह दूसरा गंभीर मामला दर्ज होने से उसकी कानूनी मुश्किलें और बढ़ गई हैं. पुलिस अब दोनों मामलों के तार जोड़कर जांच में जुटी हुई है.
बता दें कि, विगत सोमवार 27 अप्रैल को इस मामले के 5 आरोपियों को पीसीआर की अवधि खत्म होने के चलते एक बार फिर अदालत के सामने पेश किया गया था, जहां पर हुई सुनवाई के दौरान न्या. सागर पाटिल ने उजेर खान को छोडकर अन्य चार आरोपियों अयान अहमद, मो. साद, तबरेज खान व एहफाज खान को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया था. वहीं एक अन्य पीडिता की शिकायत के आधार पर दर्ज किए गए दूसरे मामले में एसआईटी ने उजेर खान को गिरफ्तार कर कल मंगलवार 28 अप्रैल को एक बार फिर अदालत में पेश करते हुए मामले में आगे की पूछताछ के लिए पीसीआर की मांग की. इस समय अदालत में पुलिस की दलीले सुनने के बाद उजेर खान को 5 दिनों के लिए पुलिस कस्टडी रिमांड में रखने का आदेश दिया. जिसके चलते अब एसआईटी द्वारा उजेर खान से 2 मई तक मामले को लेकर पूछताछ की जाएगी. जांच एजेंसी को उम्मीद है कि, पूछपूछ के दौरान कई नए खुलासे होने के साथ ही इस मामले में अन्य कई लोगों के नाम सामने आ सकते है, या फिर और भी कुछ पीडिताएं आगे आकर शिकायत दर्ज करा सकती है. जिसके चलते सभी की निगाहें इस मामले पर टिकी हुई है.





