‘मिशन इम्प्रूवमेंट’ के तहत अमरावती में 12,275 राशन कार्ड निरस्त, 25,561 का सत्यापन बाकी
फर्जी और अपात्र लाभार्थियों पर कार्रवाई तेज, पात्र जरूरतमंदों को मिलेगा सरकारी अनाज का लाभ

अमरावती/दि.27- सरकारी अनाज का लाभ केवल पात्र और जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने के उद्देश्य से अमरावती जिले में ‘मिशन इम्प्रूवमेंट’ अभियान के तहत राशन कार्डों का व्यापक सत्यापन किया जा रहा है. जांच के दौरान अब तक 12,275 राशन कार्डधारकों को अपात्र घोषित कर उनके राशन कार्ड निरस्त कर दिए गए हैं.
जिला आपूर्ति विभाग को सरकार से 41,130 संदिग्ध राशन कार्डों की सूची प्राप्त हुई थी. इनमें से अब तक 15,569 लाभार्थियों का भौतिक सत्यापन पूरा किया जा चुका है. सत्यापन में केवल 3,296 लाभार्थी पात्र पाए गए, जबकि 12,275 लाभार्थियों को अपात्र घोषित कर उनका राशन बंद कर दिया गया. अभी भी 25,561 राशन कार्डों का सत्यापन शेष है.
* शहरी क्षेत्र में सबसे अधिक अपात्र
अमरावती शहर क्षेत्र में सबसे अधिक 12,306 संदिग्ध राशन कार्ड मिले. इनमें से 4,125 कार्डों की जांच की गई, जिसमें 4,092 लाभार्थी अपात्र और केवल 70 पात्र पाए गए. ग्रामीण क्षेत्रों में अचलपुर, चांदूर बाजार और धारणी तहसील में भी बड़ी संख्या में अपात्र राशन कार्डधारक मिले हैं.
* क्या है ‘मिशन इम्प्रूवमेंट’?
यह अभियान सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) में पारदर्शिता लाने, फर्जी राशन कार्ड समाप्त करने और खाद्यान्न की कालाबाजारी रोकने के लिए चलाया जा रहा है. ई-पीओएस मशीनों, डिजिटल डेटा विश्लेषण और भौतिक सत्यापन के माध्यम से डुप्लीकेट, मृत, प्रवासी और निष्क्रिय लाभार्थियों की पहचान कर उनके नाम सूची से हटाए जा रहे हैं.
* किन कारणों से हुए अपात्र?
ग्रामीण क्षेत्र में 44,000 और शहरी क्षेत्र में 59,000 से अधिक वार्षिक आय, चार पहिया वाहन का स्वामित्व, आयकरदाता होना या परिवार का कोई सदस्य सरकारी सेवा में होना, डुप्लीकेट नाम, मृतक, प्रवासी अथवा लंबे समय से निष्क्रिय राशन कार्ड.
* जरूरतमंदों को मिलेगा लाभ
जिला आपूर्ति अधिकारी प्रज्वल पाथरे ने बताया कि अभियान का उद्देश्य अपात्र लाभार्थियों के नाम हटाकर वास्तविक गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सरकारी अनाज का लाभ सुनिश्चित करना है. शेष 25,561 राशन कार्डों का सत्यापन भी जल्द पूरा किया जाएगा.