वैष्णवी ज्वेलर्स पर डाका डालने वाला धरा गया

दिनदहाडे दुकान में घुसकर लूटपाट का प्रयास

* फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र के बिच्छू टेकडी परिसर की घटना
अमरावती /दि.26– अमरावती शहर के राहुल नगर बिच्छू टेकडी परिसर में स्थित वैष्णवी ज्वेलर्स पर दिनदहाडे डाका डालकर दहशत मचाने वाले एक युवक को फ्रेजरपुरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. ज्वेलर्स में घुसकर व्यापारी पर लूटेरे ने हमला किया. वहां से एक किलो चांदी, 40 ग्राम सोना और 40 हजार रुपए लेकर भाग रहा था, तब नागरिकों ने साहस कर उसे पकडने का प्रयास किया. लेकिन वह भाग गया. लेकिन लूटा हुआ पूरा माल नागरिकों ने लूटेरे से झपटकर संबंधित व्यापारी को लौटा दिया. यह सनसनीखेज घटना का बुधवार 24 जून की शाम 6.30 बजे के दौरान घटित हुआ. आरोपी का नाम वडाली परिसर निवासी भोलासिंग अजाबसिंग टाक (30) है.
जानकारी के मुताबिक लूटपाट के बाद आरोपी भोलासिंग टाक शहर छोडने की तैयारी में था, तब पुलिस ने उसे एक्सप्रेस हाईवे पर दबोच लिया. महावीर नगर परिसर निवासी विलास तुलसीराम काले (50) नामक व्यवसायी का राहुल नगर में वैष्णवी ज्वेलर्स है. बुधवार की शाम काले की दुकान में ग्राहक रहते अचानक एक अनजान व्यक्ति भीतर घुसा. उसने कोई बातचीत न करते हुए सीधे काउंटर का कांच विलास काले की तरफ फेंक मारा. इस कारण व्यापारी विलास काले के हाथों में चोटें आ गई. सोने के आभूषण निकाल दें, ऐसी धमकी देते हुए लूटेरे ने काले को जान से मारने की धमकी दी और हाथ में पहने स्टील के कडे से मारपीट की. पश्चात लूटेरे ने काउंटर के भीतर घुसकर थैली में दुकान की एक किलो चांदी, 40 ग्राम सोना और काउंटर से नकद 40 हजार रुपए निकाल लिये और दुपहिया लेकर भागने लगा. वह भाग रहा था, तब विलास काले ने ‘चोर-चोर’ पुकारना शुरु किया. यह आवाज सुनकर आसपास के नागरिकों ने जान की परवाह न करते हुए लूटेरे को पकडने के लिए दौड लगाई. उसे पकडकर नीचे गिरा दिया. नागरिकों ने उसके हाथ से सोने-चांदी के आभूषण और नकद रकम वाली थैली झपट ली और काले के कब्जे में दी. लेकिन इस हंगामे के बीच मौका देखकर भोलासिंग टाक दुपहिया लेकर भागने में सफल हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही फ्रेजरपुरा पुलिस का दल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा. विलास काले की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु की.
* घटना में इस्तेमाल दुपहिया जब्त
लूटपाट कर भोलासिंग टाक यह शहर छोडकर भागने के प्रयास में था. लेकिन पुलिस ने उसे एक्सप्रेस हाईवे पर ही घेरकर दबोच लिया. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल दुपहिया और मारपीट के लिए इस्तेमाल किया गया स्टील का कडा जब्त किया है. यह कार्रवाई फ्रेजरपुरा के थानेदार रवींद्र राजुलवार के मार्गदर्शन में डीबी दल प्रमुख पीएसआई राहुल महाजन के नेतृत्व वाले दल ने की.

Back to top button