कड़बी बाजार पुलिस चौकी परिसर से हटाया गया वर्षों पुराना कचरा

नगरसेवक दीपक सम्राट ने दिखाई तत्परता

अमरावती/दि.26- कड़बी बाजार पुलिस चौकी परिसर में कई वर्षों से कचरा डंपिंग होने के कारण गंदगी का आलम बना हुआ था. परिसर में लगातार कचरा जमा होने से न केवल पुलिस चौकी के कर्मचारियों को बल्कि आसपास के नागरिकों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. गंदगी के कारण परिसर की स्वच्छता प्रभावित हो रही थी तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की आशंका भी बनी हुई थी.
स्थानीय नागरिकों एवं पुलिस चौकी के अधिकारियों द्वारा इस समस्या की शिकायत किए जाने पर नगरसेवक दीपक सम्राट ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की. उन्होंने बिना किसी देरी के जेसीबी मशीन एवं नगर निगम के सफाई कर्मचारियों को मौके पर बुलवाया और पूरे परिसर की व्यापक स्तर पर साफ-सफाई करवाई. सफाई अभियान के दौरान वर्षों से जमा कचरे को हटाया गया, झाड़-झंखाड़ की सफाई की गई तथा पूरे परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया गया. इसके साथ ही जेसीबी की सहायता से परिसर का लेवल भी समतल किया गया, जिससे भविष्य में परिसर का उपयोग सुगमता से किया जा सकेगा.
इस तत्काल कार्रवाई से पुलिस चौकी परिसर का स्वरूप पूरी तरह बदल गया है. स्थानीय नागरिकों तथा पुलिस विभाग के अधिकारियों ने नगरसेवक दीपक सम्राट द्वारा की गई इस पहल की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया. नागरिकों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी परिसर की नियमित सफाई की जाएगी, जिससे स्वच्छता बनी रहे और दोबारा कचरा डंपिंग की समस्या उत्पन्न न हो. इस अवसर पर नागरिकों ने सभी लोगों से सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फेंकने तथा स्वच्छता बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील भी की.

Back to top button