विश्व हिन्दू परिषद ने मनाई डॉ. अण्णा भाऊ साठे की 106वीं जयंती

सामाजिक समरसता का दिया संदेश

अमरावती/दि.1 – विश्व हिन्दू परिषद के सामाजिक समरसता विभाग, अमरावती की ओर से महान लोकशाहीर, साहित्य सम्राट एवं समाज जागरण के अग्रदूत डॉ. अण्णा भाऊ साठे की 106वीं जयंती सबनीस प्लॉट एवं बेलपुरा क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई. कार्यक्रम का उद्देश्य सामाजिक समरसता, राष्ट्रनिर्माण और सांस्कृतिक जागरण का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा.
कार्यक्रम का शुभारंभ सामाजिक समरसता विभाग के प्रांत सहसंयोजक प्रा. राजीव देशमुख, विश्व हिन्दू परिषद अमरावती के जिलाध्यक्ष अनिल साहू तथा महानगर प्रमुख प्रकाश लुगीकर ने डॉ. अण्णा भाऊ साठे की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया. इसके बाद उपस्थित नागरिकों, कार्यकर्ताओं और मातृशक्ति ने भी प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए. इस अवसर पर प्रा. राजीव देशमुख ने कहा कि डॉ. अण्णा भाऊ साठे का जीवन सामाजिक न्याय, समरसता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति का प्रेरणास्रोत है. उन्होंने अपने साहित्य के माध्यम से समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को सम्मान और आत्मविश्वास दिलाने का कार्य किया. उन्होंने कहा कि विश्व हिन्दू परिषद का सामाजिक समरसता अभियान भी इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए जाति, भाषा और क्षेत्रीय भेदभाव से ऊपर उठकर समाज में एकता और आत्मीयता को मजबूत करने का प्रयास कर रहा है.
विश्व हिन्दू परिषद के जिलाध्यक्ष अनिल साहू ने कहा कि युवा पीढ़ी यदि डॉ. अण्णा भाऊ साठे के जीवन, संघर्ष और साहित्य का अध्ययन करे तो उसमें राष्ट्रभक्ति, सामाजिक उत्तरदायित्व, परिश्रम और सेवा की भावना विकसित होगी. उनके आदर्शों को जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है. कार्यक्रम में नगरसेवक धीरज हिवसे, जिला कोषाध्यक्ष आकाश पाली, प्रचारक विशाल राऊत, आकाश वगारे, जिला मंत्री विजय खडसे, शिव गायकवाड़, अनुराग बैस, माणिकराव सावले, अवघूत खंडारे, नितिन देहाडे, शिव देहाडे, विक्की इगोले, अनिकेत हिवराले, दिलीप देहाले, प्रवीण खंडारे सहित बड़ी संख्या में नागरिक एवं मातृशक्ति उपस्थित रहे. कार्यक्रम का समापन सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता तथा डॉ. अण्णाभाऊ साठे के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ.

Back to top button