विनायक नगरिया सीआईएसएफ असिस्टेंट कमांडेंट बनेंगे
राष्ट्रीय स्तर पर 40वीं रैंक हासिल कर बढ़ाया परिवार और समाज का गौरव

* नगरसेवक दीपक साहू सम्राट ने किया सत्कार
अमरावती /दि.13 – साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से आने वाले विलासनगर निवासी अजय नगरिया के पुत्र विनायक नगरिया ने अपनी मेहनत, लगन और शैक्षणिक एकाग्रता के बल पर संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है. विनायक ने राष्ट्रीय स्तर पर 40वीं रैंक प्राप्त कर सीआईएसएफ असिस्टेंट कमांडेंट पद के लिए चयन हासिल किया है. उनकी इस सफलता से परिवार, मित्रों और समाज में खुशी की लहर है.
विनायक नगरिया का परिवार होटल व्यवसाय के बाद कपास व्यापार से जुड़ा रहा है. साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि के बावजूद विनायक ने बचपन से ही पढ़ाई के प्रति विशेष रुचि दिखाई. माध्यमिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक उन्होंने लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और विभिन्न अवसरों पर पुरस्कार एवं सम्मान प्राप्त किए. विनायक स्वभाव से मितभाषी और शांत रहने वाले हैं, लेकिन शैक्षणिक क्षेत्र में हमेशा मेहनत और निरंतर प्रयास के लिए जाने जाते रहे हैं. यूपीएससी जैसी कठिन प्रतियोगी परीक्षा में राष्ट्रीय स्तर पर 40वीं रैंक हासिल कर उन्होंने अपनी प्रतिभा और परिश्रम का परिचय दिया है. सीआईएसएफ असिस्टेंट कमांडेंट पद के लिए चयनित होने के बाद अब आवश्यक औपचारिक शैक्षणिक प्रक्रिया पूरी कर वे अधिकारी के रूप में अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे.
* नगरसेवक दीपक साहू सम्राट ने किया सत्कार
विनायक की सफलता पर मोरबाग प्रभाग के नगरसेवक एवं स्थायी समिति सदस्य दीपक साहू सम्राट अपने मित्रों के साथ उनके निवास पर पहुंचे. उन्होंने विनायक का शाल, श्रीफल और पुष्पगुच्छ देकर सत्कार किया. साथ ही विनायक एवं उनके पूरे परिवार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
इस अवसर पर प्रसिद्ध गुड़ व्यवसायी रमेशचंद्र साहू, नितेश साहू, रूपेश साहू, विजय नगरिया, अजय नगरिया, दीपक तेलवाले, अजेश सरवैया, निकेश खुरखरिया, सूरज बसेरिया, संस्कार साहू, सोनू-मोनू साहू, सिमरन विनायक नगरिया, छाया नगरिया, ज्योति सरवैया, सविता साहू और अर्चना साहू सहित परिवार के सदस्य एवं विनायक के करीबी मित्र उपस्थित थे. विनायक की उपलब्धि पर रिश्तेदारों, समाजसेवियों, मित्रों और परिचितों की ओर से लगातार बधाई दी जा रही है. उनकी सफलता को परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायी उपलब्धि माना जा रहा है.





