कार में आग लगाने के आरोप में अमरावती की महिला गिरफ्तार

विवाद को लेकर लगाई आग

* सीसीटीवी फूटेज के कारण हुआ घटना का पर्दाफाश
नागपुर/दि.2 – मानकापुर थाना क्षेत्र में घर के सामने खड़ी एक कार को आग लगाने के मामले में पुलिस ने अमरावती जिले की एक महिला को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की.
जानकारी के मुताबिक, फागोजी लेआउट, गोधनी निवासी निखिलेश कृष्णराव राजुरकर (35) की कार क्रमांक एमएच-40/डीई-3375 को 30 मई की तड़के लगभग 3.30 बजे आग लगा दी गई थी. घटना के समय कार उनके घर के सामने खड़ी थी. पड़ोसियों ने कार में आग लगने की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और दमकल विभाग को बुलाया गया. दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार को काफी नुकसान पहुंच चुका था.
घटना की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के 20 से 25 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज में एक व्यक्ति सुबह करीब 3.09 बजे कार पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाते हुए दिखाई दिया. विस्तृत जांच और तकनीकी विश्लेषण के बाद पुलिस को पता चला कि वारदात को अंजाम देने वाली आरोपी एक महिला है. इसके बाद पुलिस ने मोबाइल फोन की लोकेशन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुष्पा काशीराम आमले (55), निवासी जैनपुर, तहसील दर्यापुर, जिला अमरावती को हिरासत में लिया. पूछताछ में सामने आया कि पुराने विवाद और आपसी रंजिश के चलते महिला ने यह कदम उठाया. मानकापुर पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.

Back to top button