विश्व पर्यटन दिवस पर 28 सितंबर को अकोला में कृषि पर्यटन पर कार्यशाला
ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय लोगों को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने पर रहेगा जोर

अमरावती/दि.10 – विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर 28 सितंबर को अकोला में विभागीय स्तर की कृषि पर्यटन कार्यशाला आयोजित की जाएगी. कार्यशाला का उद्देश्य कृषि एवं ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ किसानों, महिलाओं, युवाओं और स्थानीय उद्यमियों के लिए रोजगार एवं व्यवसाय के अवसर उपलब्ध कराना है. यह जानकारी पर्यटन संचालनालय के प्रादेशिक उपसंचालक विजय जाधव ने दी.
अमरावती के नियोजन भवन में आयोजित बैठक में कार्यशाला की तैयारियों की समीक्षा की गई. अकोला जिले के बार्शीटाकली स्थित वेदनंदिनी कृषि पर्यटन केंद्र के सहयोग से पर्यटन संचालनालय द्वारा यह कार्यशाला आयोजित की जा रही है. इसमें किसान, उद्यमी, पंजीकृत संस्थाएं और उद्योग शुरू करने के इच्छुक लोगों को बड़ी संख्या में सहभागी होने का आह्वान किया गया है. कार्यशाला में स्थानीय संस्थाओं और बचत समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री के लिए स्टॉल उपलब्ध कराए जाएंगे. महिला बचत समूहों द्वारा तैयार हस्तकला वस्तुओं तथा तृणधान्यों से बने पौष्टिक खाद्य पदार्थों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी. इस वर्ष पर्यटन दिवस के उपक्रमों में ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और स्थानीय रोजगार पर विशेष जोर दिया जा रहा है. ‘आई’ योजना के माध्यम से दुर्गम एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्रों की महिलाओं को पर्यटन व्यवसाय से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है.
कृषि पर्यटन केंद्रों के माध्यम से जैविक खेती, समूह खेती और कृषि आधारित पर्यटन को प्रोत्साहन दिया जाएगा. ‘महिला किसान वर्ष’ की पृष्ठभूमि में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिला किसानों और उद्यमियों का सम्मान भी किया जाएगा. उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को ‘सर्वश्रेष्ठ जैविक किसान’ के रूप में सम्मानित करने की योजना है. कार्यशाला के दौरान कृषि विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों द्वारा कृषि पर्यटन विषय पर मार्गदर्शन दिया जाएगा. इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम, पथनाट्य और पर्यटन जनजागृति कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे. बैठक में महिला बचत समूहों की भागीदारी, स्थानीय उत्पादों की बाजार व्यवस्था और ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई. इस अवसर पर शाश्वत विकास केंद्र, अमरावती की ओर से प्रकाशित त्रैमासिक समाचार पत्रिका का विमोचन विजय जाधव के हाथों किया गया.





