ऑटोस्विच हटाएं, कैपेसिटर लगाएं, ट्रांसफॉर्मर खराब होने से बचाएं
महावितरण के मुख्य अभियंता दिलीप दोडके की अपील

* कृषि पंप की कार्यक्षमता बढ़ेगी, बिजली व्यवस्था पर भी कम होगा भार
अमरावती/दि.10– बारिश की कमी के कारण खेतों में फसलों की सिंचाई के लिए कृषि पंपों का इस्तेमाल बढ़ गया है. बिजली आपूर्ति शुरू होते ही सभी पंप एक साथ चालू होने से ट्रांसफॉर्मर पर अचानक अत्यधिक भार पड़ रहा है. इसके कारण ट्रांसफॉर्मर जलने, लाइन ट्रिप होने और बिजली के तार टूटने की घटनाएं बढ़ रही हैं. इसे रोकने के लिए किसानों से कृषि पंपों में लगे ऑटोस्विच हटाकर उचित क्षमता का कैपेसिटर लगाने की अपील महावितरण के मुख्य अभियंता दिलीप दोडके ने की है.
महावितरण के अनुसार कृषि पंपों में इस्तेमाल होने वाली इंडक्शन मोटर चालू होने पर अतिरिक्त इंडक्टिव करंट खींचती है. इससे बिजली की लाइनों और ट्रांसफॉर्मर पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है. कैपेसिटर लगाने से यह अतिरिक्त विद्युत प्रवाह करीब 30 प्रतिशत तक कम किया जा सकता है. इससे ट्रांसफॉर्मर पर भार कम होने के साथ ही बिजली का वोल्टेज बेहतर रहने, तार टूटने और ट्रांसफॉर्मर जलने की घटनाओं में कमी आने तथा कृषि पंप की कार्यक्षमता बढ़ने में मदद मिलेगी. महावितरण के मुताबिक कैपेसिटर की कीमत लगभग 300 से 500 रुपये तक होती है. कैपेसिटर को स्टार्टर और मोटर के बीच, मोटर से पहले लगाया जाना चाहिए. इससे मोटर चालू होने पर ही कैपेसिटर काम करेगा. महावितरण ने किसानों से बिजली का अपव्यय रोकने, बिजली व्यवस्था पर दबाव कम करने और फसलों को समय पर पानी उपलब्ध कराने के लिए ऑटोस्विच हटाकर कैपेसिटर का उपयोग करने की अपील की है.
* मोटर के अनुसार कैपेसिटर की क्षमता
3 एचपी मोटर : 1 केवीएआर
5 एचपी मोटर : 2 केवीएआर
7.5 एचपी मोटर : 3 केवीएआर





