जिला सामान्य अस्पताल में ‘विश्व हीमोफिलिया दिवस’ मनाया गया

28 मरीजों की मुफ्त ‘इनहिबिटर’ जांच, विशेषज्ञों ने दिया मार्गदर्शन

अमरावती/दि.21– रक्त से संबंधित गंभीर बीमारी हीमोफिलिया के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने और समय पर निदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला सामान्य अस्पताल में ‘हेमेटोलॉजी डे केयर सेंटर’ पर विश्व हीमोफिलिया दिवस मनाया गया. इस कार्यक्रम में जिले के 28 मरीज और उनके परिजन उपस्थित रहे.
हीमोफिलिया के मरीजों को रक्त में आवश्यक ‘फैक्टर’ दिए जाते हैं, लेकिन 5 से 10 प्रतिशत मरीजों में कुछ समय बाद इन फैक्टर का असर कम हो जाता है. ऐसे मरीजों के शरीर में इन फैक्टर के खिलाफ ‘इनहिबिटर’ विकसित हो जाते हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए शिविर में 28 मरीजों की मुफ्त ‘इनहिबिटर’ जांच की गई. कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने मरीजों और उनके परिजनों को बीमारी की विस्तृत जानकारी दी. साथ ही हीमोफिलिया के साथ सुरक्षित जीवन कैसे जिया जाए, दर्द को कैसे नियंत्रित किया जाए और नियमित उपचार का महत्व क्या है-इस पर भी मार्गदर्शन किया गया. यह शिविर जिला शल्य चिकित्सक डॉ. विनोद पवार, निवासी चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप हेडाऊ, डॉ. सोलंके और अधिसेविका श्रीमती अटाळकर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ. कार्यक्रम को सफल बनाने में डे केयर यूनिट के डॉक्टरों व स्वास्थ्य कर्मियों की सक्रिय भूमिका रही.

Back to top button