ईंट भट्टी पर मजदूर युवक की हत्या
शव संदिग्ध अवस्था में मिला

* ट्रैक्टर चालक और उसके साथी पर हत्या का मामला दर्ज
* दोनों आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
* माहुली जहांगिर थाना क्षेत्र के मालेगांव ईट भट्टी की घटना
अमरावती/दि.19 – जिले के मालेगांव स्थित एक ईंट भट्टी पर काम करने वाले मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. मृतक के भाई ने ट्रैक्टर चालक पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने ट्रैक्टर चालक और एक मजदूर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है. मृतक का नाम धामणगांव गढी निवासी राज अखंडे है. जबकि आरोपियों के नाम गुरुदेव नगर मोझरी निवासी संतोष बाबाराव इंगले (37) और प्रफुल्ल वामनराव खाटसरे (42) है.
जानकारी के अनुसार, मृतक राज अख़ंडे ईंट भट्टी पर मजदूरी का काम करता था. मृतक के भाई रोशन अख़ंडे ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसके भाई के साथ ट्रैक्टर चालक संतोष बाबाराव इंगले (37) और मजदूर प्रफुल वामनराव खाटसरे (42) भी उसी भट्टी पर कार्यरत थे. दोनों मोझारी स्थित गुरुदेव नगर के निवासी हैं. बताया गया कि 14 जून को संतोष इंगले और प्रफुल खाटसरे ईंटों का माल लेकर माहुली गए थे और बाद में घरेलू सामान लाने के लिए अमरावती पहुंचे. इसी दौरान भट्टी संचालक नजीर शाह और मजदूरों के बीच पैसों को लेकर विवाद हुआ. आरोप है कि संतोष इंगले द्वारा शराब के लिए पैसे खर्च किए जाने की जानकारी मिलने पर नजीर शाह नाराज हो गया.
रोशन अखंड़े का आरोप है कि इसी विवाद के चलते उसके भाई राज अख़ंडे के साथ मारपीट की गई. 15 जून को जब वह भट्टी पर पहुंचा तो उसका भाई मृतावस्था में पड़ा मिला. इसके बाद उसने पुलिस को घटना की सूचना दी. मृतक के परिजनों का आरोप है कि भट्टी पर काम करने वाले संतोष इंगले और प्रफुल्ल खाटसरे ने गुस्से में आकर राज अख़ंडे की पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई. पश्चात आरोपियों ने नजीर शाह के मालेगांव की ईंट भट्टी पर लाश लाकर फेंक दी. माहुली जहांगिर पुलिस ने मामले की जांच करते हुए ट्रैक्टर चालक संतोष इंगले और प्रफुल्ल खाटसरे को कब्जे में लेकर कडी पूछताछ की, तब उन्होंने घटना की कबूली दी. पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 103 (1), 3 (5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.





