युवक-युवतियां ही देश की असली संपत्ति, उनमें राष्ट्र प्रथम की भावना जरूरी

‘हर घर तिरंगा’ रैली में विधायक बच्चू कडू ने किया विद्यार्थियों को संबोधित

चांदूर बाजार/दि.15 – युवक और युवतियां देश की वास्तविक शक्ति और सबसे बड़ी संपत्ति हैं. राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है तथा उनमें ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना विकसित करना समय की आवश्यकता है. राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक दायित्व और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का कार्य करती हैं. यह बात विधायक बच्चू कडू ने कै. नारायणराव देशमुख महाविद्यालय द्वारा आयोजित ‘हर घर तिरंगा’ रैली के दौरान कही.
पीपल्स वेलफेयर सोसायटी, अमरावती द्वारा संचालित कै. नारायणराव देशमुख महाविद्यालय, चांदूर बाजार की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की ओर से स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भव्य ‘हर घर तिरंगा’ रैली का आयोजन किया गया. विधायक बच्चू कडू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें भी लगभग 20 वर्ष पहले राष्ट्रीय सेवा योजना और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से कार्य करने के दिन याद आ रहे हैं. उन्होंने सभी विद्यार्थियों, प्राध्यापकों और नागरिकों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुभकामनाएं दीं.
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. निलेश ठाकरे के मार्गदर्शन में निकाली गई रैली का शुभारंभ महाविद्यालय परिसर से हुआ. रैली बेलोरा चौक होते हुए नगर परिषद के समीप स्थित डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमा स्थल पहुंची, जहां विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. प्राचार्य डॉ. निलेश ठाकरे ने प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित की, जबकि राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी प्रा. डॉ. विनय वसुले तथा प्रा. डॉ. पी. पडोले ने पुष्प अर्पित कर नमन किया.
रैली के दौरान प्रहार वाचनालय के निकट विधायक बच्चू कडू ने विद्यार्थियों से संवाद किया और उन्हें राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया. इसके बाद विद्यार्थियों और प्राध्यापकों ने नगर परिषद द्वारा निर्मित निःशुल्क वाचनालय का भी अवलोकन किया. देशभक्ति के नारों और हाथों में तिरंगा ध्वज लिए विद्यार्थियों की यह रैली नेताजी चौक, महात्मा गांधी प्रतिमा परिसर, पुलिस स्टेशन मार्ग होते हुए छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा स्थल तक पहुंची. इस दौरान विभिन्न महापुरुषों को अभिवादन कर उनके आदर्शों को याद किया गया. पूरे मार्ग में गूंजते देशभक्ति के नारों और तिरंगों की छटा ने वातावरण को राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत कर दिया.
रैली में प्राचार्य डॉ. निलेश ठाकरे ने स्वयं उपस्थित रहकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया. इस अवसर पर प्रा. डॉ. अजय खडसे, प्रा. डॉ. एम. पी. सहारे, प्रा. डॉ. अनिल वैद्य, प्रा. डॉ. मीना वैद्य, प्रा. डॉ. नीना बनसोड, प्रा. प्रफुल राऊत, प्रकाश निंभोरकर, किशोर खवले तथा अनिल भाकरे सहित महाविद्यालय का शिक्षकीय व शिक्षकेतर स्टाफ उपस्थित रहा. कार्यक्रम के सफल आयोजन में सलोनी गवळी, फातिमा शेख, सुरेश श. मेसरे, गौरी निमकर, आतिफ खान, सौरभ धाकडे, अभिषेक आठवले, त्रिशा तायडे, हर्ष सरोदे, अजय कुरवाडे और साहिल मनोहरे सहित स्वयंसेवी विद्यार्थियों ने विशेष योगदान दिया. अंत में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी प्रा. डॉ. विनय वसुले ने सभी का आभार व्यक्त किया.

Back to top button