अमरावती मनपा में स्वतंत्रता दिवस उत्साह से मनाया
संपत्ति कर पर शास्ति में शत-प्रतिशत तक छूट

अमरावती/दि.15 – अमरावती मनपा की ओर से शनिवार, 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस का 79वां वर्धापन दिवस उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया. सुबह 8 बजे महापौर श्रीचंद तेजवानी के हाथों मनपा परिसर में ध्वजारोहण किया गया. इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई कर्मचारियों का सम्मान किया गया.
कार्यक्रम में गुणवंत सफाई कर्मचारियों नीलम शैलेंद्रसिंग चव्हाण, अमर सुरेश जावे, कोमल विनोद गोहर, गणेश संजय चावरे, इंदु सुरेश चव्हाण, राजकुमार बंडू पासरे, उमा समुद्रे, नरेंद्र डुलगज, गीता बागडे और गणेश सांडे का महापौर के हाथों सत्कार किया गया. ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत उपस्थित सभी लोगों ने तिरंगा प्रतिज्ञा भी ली.
* अमरावतीकरों को संपत्ति कर में बड़ी राहत
महापौर श्रीचंद तेजवानी ने स्वतंत्रता दिवस और मनपा के 43वें स्थापना दिवस के अवसर पर शहरवासियों के लिए महत्वपूर्ण घोषणा की. संपत्ति कर की बकाया राशि पर लगने वाली शास्ति में विशेष छूट देने का निर्णय लिया गया है. 15 से 31 अगस्त तक ब्याज में शत-प्रतिशत छूट, 1 से 15 सितंबर तक 75 फीसद छूट, 16 से 30 सितंबर तक 50 फीसद छूट, 1 से 15 अक्टूबर तक 25 फीसद छूट रहने वाली है. महापौर ने नागरिकों से इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाते हुए एकमुश्त संपत्ति कर जमा करने की अपील की.
* पानी और स्वच्छता पर जोर
अपने संबोधन में महापौर ने कहा कि अमरावती के विकास को नई गति देने की जिम्मेदारी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों की सामूहिक है. शहर की बढ़ती आबादी को ध्यान में रखते हुए जलापूर्ति व्यवस्था मजबूत की जा रही है. अमृत-2 योजना के तहत करीब 985 करोड़ 49 लाख रुपये की जलापूर्ति योजना मंजूर होने का उल्लेख उन्होंने किया. ‘स्वच्छ अमरावती, सुंदर अमरावती’ के संकल्प के तहत घर-घर कचरा संग्रहण, ठोस कचरा प्रबंधन, एमआरएफ प्रकल्प और भूमिगत सीवरेज योजना जैसे कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है. सुकली डिपो में जमा कचरे के पहाड़ की समस्या से निपटने के लिए बायोमाइनिंग और आधुनिक ठोस कचरा प्रबंधन के कार्यों की भी जानकारी दी गई.
* शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में भी कार्य
महापौर ने बताया कि मनपा की 63 स्कूलों में 11 हजार से अधिक विद्यार्थियों को डिजिटल बोर्ड, कंप्यूटर लैब और आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास जारी हैं. शहर की अभ्यासिकाओं और पुस्तकालयों के माध्यम से युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. स्वास्थ्य क्षेत्र में 13 शहरी स्वास्थ्य केंद्र और 12 आयुष्मान आरोग्य मंदिर नागरिकों की सेवा में कार्यरत होने की जानकारी दी गई. गरीब और जरूरतमंद परिवारों को आवास, विधवा एवं एकल महिलाओं को रोजगार तथा छोटे व्यवसायियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया गया.
* डिजिटल सेवाओं से प्रशासन में पारदर्शिता
अमरावती में डिजिटल प्रशासन को बढ़ावा देने के लिए मायअमरावती ऐप, ऑनलाइन सेवाएं, ई-टैक्स, ऑनलाइन विजिटर पास और सैटेलाइट मैपिंग जैसी सुविधाओं का उल्लेख करते हुए महापौर ने कहा कि पारदर्शी प्रशासन, तेज सेवाएं और नागरिक-केंद्रित व्यवस्था ही भविष्य की मनपा की पहचान होनी चाहिए. शहर के बुनियादी विकास में सीमेंट सड़कें, चौक सौंदर्यीकरण, छत्री तालाब और वडाली तालाब का नवीनीकरण, ऐतिहासिक परकोटे का संरक्षण तथा शिवटेकड़ी पर शिवसृष्टि जैसे प्रकल्पों पर भी उन्होंने प्रकाश डाला. भविष्य में फिशरीज हब, पीएम ई-बस और पर्यावरणपूरक परिवहन व्यवस्था से अमरावती के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद व्यक्त की. कार्यक्रम में शिक्षक विजय खंडारे ने देशभक्ति गीत, राष्ट्रगीत और राज्यगीत प्रस्तुत किए. बैंड पथक का संचालन तथा सूत्रसंचालन विजयकुमार खंडारे, मो. हाफिजखान और एन.बी. सोनवणे ने किया.
इस अवसर पर मनपा आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले, उनकी माता शर्मिला गोंदावले, स्थायी समिति सभापति अविनाश मार्डीकर, सभागृह नेता चेतन गावंडे, गुटनेता डॉ. राजेंद्र तायडे, विभिन्न समितियों के सभापति, नगरसेवक-नगरसेविकाएं, अतिरिक्त आयुक्त महेश देशमुख व शिल्पा नाईक, उपायुक्त योगेश पिठे, नरेंद्र वानखडे व भाग्यश्री बोरेकर, सहायक आयुक्त भूषण पुसतकर सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे. राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की वेशभूषा में सर्जेराव गलपट भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे.





