बडनेरा के राठी नगर में युवक पर कोयते से जानलेवा हमला

मोपेड सवार दो बदमाशों ने रास्ता रोककर किया वार

* इलाके में दहशत, पुलिस सीसीटीवी खंगालने में जुटी
अमरावती/दि.6 – बडनेरा के राठी नगर क्षेत्र में बुधवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जब मोपेड सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक युवक पर कोयते से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. सरेआम हुई इस वारदात के बाद राठी नगर, पांच बंगला और आसपास के क्षेत्रों में भय और दहशत का माहौल व्याप्त है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आकाश नारायणराव हिवराले (28, पांच बंगला, नई बस्ती, बडनेरा) कल 5 अगस्त की रात करीब 9 बजे अपने मित्र रोहन गाडगे (26) के साथ मोटरसाइकिल से राठी नगर की ओर जा रहा था. इसी दौरान राठी नगर स्थित चक्की के पास पीछे से आए मोपेड सवार दो युवकों ने उनकी बाइक को जबरन रोक लिया. बाइक रुकते ही एक हमलावर ने बिना किसी बातचीत या विवाद के आकाश पर कोयते से हमला कर दिया. कोयते का वार उसकी पीठ पर लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही खून बहने लगा. अचानक हुए हमले से दोनों युवक संभल भी नहीं पाए और हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए. घटना के बाद आकाश के मित्र रोहन गाडगे ने उसे तत्काल उपचार के लिए सहायता उपलब्ध कराई और बडनेरा पुलिस थाने पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी दी.
इस घटना को लेकर दर्ज कराई गई शिकायत में बताया गया है कि दोनों हमलावरों की उम्र लगभग 20 से 22 वर्ष के बीच थी. पीड़ित उन्हें पहचानता नहीं है और हमलावर जिस मोपेड पर आए थे, उसका नंबर भी वह देख नहीं पाया. घटना के बाद पांच बंगला, राठी नगर और आसपास के रहवासियों में गहरी चिंता व्याप्त है. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि अज्ञात बदमाश खुलेआम सड़कों पर लोगों को निशाना बना सकते हैं, तो यह कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है. नागरिकों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
* सीसीटीवी फुटेज के सहारे तलाश में जुटी पुलिस
बडनेरा पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा संभावित संदिग्धों की जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं तथा जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना के पीछे के कारणों का खुलासा किया जाएगा. इस बीच, क्षेत्र में हुई इस घटना ने एक बार फिर शहर में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों और हथियारबंद युवकों के बढ़ते दुस्साहस को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Back to top button