मोझरी, कौंडण्यपूर और वलगांव विकास आराखड़ों के लिए 72 करोड़ रुपये मंजूर

विधायक राजेश वानखड़े के प्रयासों को मिली सफलता, जर्जर भवनों के पुनरुद्धार का रास्ता साफ

* विधान मंडल के पावस सत्र में उठाई थी मांग, सीएम फडणवीस ने वित्तमंत्री के तौर पर दी मंजुरी
अमरावती/मुंबई/दि.23- तिवसा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मोझरी, कौंडण्यपूर और वलगांव विकास आराखड़ों के पुनरुद्धार के लिए राज्य सरकार ने 72 करोड़ रुपये की निधि मंजूर की है. राज्य विधान मंडल के पावस सत्र दौरान पहले ही दिन प्रस्तुत की गई अनुपूरक मांगों में इस निधि का प्रावधान किया गया. इससे वर्षों से उपेक्षा और रखरखाव के अभाव में जर्जर हो चुकी इमारतों के जीर्णोद्धार तथा नई सुविधाओं के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है.इसके साथ ही इस मांग की पूर्ति हेतू लगातार प्रयास कर रहे तिवसा निर्वाचन क्षेत्र के विधायक राजेश वानखडे के प्रयास पूरी तरह से सफल व सार्थक साबित हुए है. जिनके व्दारा उठाई गई मांग पर राज्य के मुख्यमंत्री तथा वित्त व नियोजन मंत्री देवेंद्र फडणवीस व्दारा सकारात्मक रवैया दर्शाते हुए इस मांग को पूरा किया गया.
इस संदर्भ में जानकारी देते हुए विधायक राजेश वानखड़े ने बताया कि मोझरी विकास प्रारूप, श्री क्षेत्र कौंडण्यपूर विकास प्रारूप तथा संत गाडगेबाबा निर्वाणभूमि वलगांव विकास प्रारूप के अंतर्गत पूर्व में निर्मित अनेक भवन संबंधित संस्थाओं को हस्तांतरित नहीं किए जा सके थे. परिणामस्वरूप रखरखाव के अभाव में ये इमारतें खस्ताहाल हो गई थीं और श्रद्धालुओं के उपयोग में भी नहीं आ पा रही थीं. सरकार द्वारा मंजूर निधि में मोझरी विकास प्रारूप के लिए 50 करोड़ रुपये, संत गाडगेबाबा निर्वाणभूमि वलगांव विकास प्रारूप के लिए 11 करोड़ रुपये तथा श्री क्षेत्र कौंडण्यपूर विकास प्रारूप के लिए 12 करोड़ रुपये शामिल हैं.
विधायक वानखड़े ने कहा कि वे शुरू से ही इन इमारतों की मरम्मत कर उन्हें संबंधित संस्थाओं को हस्तांतरित करने की मांग उठाते रहे हैं. इस संबंध में उन्होंने विधानसभा में कई बार मुद्दा उठाया और शासन स्तर पर लगातार पाठपुरावा किया. उनके प्रयासों के परिणामस्वरूप अब आवश्यक निधि उपलब्ध हो सकी है. मोझरी विकास प्रारूप के अंतर्गत राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज आध्यात्मिक संकुल, ग्रामविकास प्रबोधिनी, भक्त निवास, अतिविशिष्ट व्यक्तियों के लिए डॉर्मिटरी सहित अन्य भवनों की मरम्मत, विद्युतीकरण, रंगरोगन, सौर ऊर्जा परियोजना, पेयजल सुविधा, शौचालय निर्माण और अधूरे कार्यों को पूरा किया जाएगा. इसी प्रकार कौंडण्यपूर और वलगांव विकास आराखड़ों में भी आवश्यक विकास एवं मरम्मत कार्य किए जाएंगे.
विधायक राजेश वानखड़े ने मुख्यमंत्री एवं वित्त एवं नियोजन मंत्री देवेंद्र फडणवीस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस निधि से वर्षों से लंबित समस्या का समाधान होगा और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन तीर्थ एवं संत स्थलों का गौरव पुनः स्थापित होगा तथा क्षेत्र के धार्मिक और पर्यटन विकास को नई गति मिलेगी. इसके साथ ही विधायक राजेश वानखड़े ने कहा कि मोझरी, वलगांव और कौंडण्यपूर विकास आराखड़ों में हस्तांतरण के अभाव में उत्पन्न अव्यवस्था और भवनों की दयनीय स्थिति अब दूर होगी. यह निधि श्रद्धालुओं और नागरिकों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगी. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सकारात्मक भूमिका अपनाकर भरपूर निधि उपलब्ध कराई है, जिसके लिए मैं उनका विशेष आभार व्यक्त करता हूं

Back to top button