आय से अधिक संपत्ति मामले में गिरफ्तार अधिकारी के

बैंक लॉकर में मिला डेढ़ करोड़ रुपये नकद

* दो और लॉकर खुलना बाकी, एसीबी का कसता जा रहा शिकंजा
हैदराबाद/दि.24- आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में गिरफ्तार भूमि अभिलेख विभाग के उपनिदेशक नरहरी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की जांच लगातार गहराती जा रही है. मंगलवार को अधिकारियों ने उनके बैंक लॉकरों की जांच के दौरान एक लॉकर से करीब 1.50 करोड़ रुपये नकद बरामद किए हैं. दो अन्य लॉकर अभी खोले जाने बाकी हैं, जिससे और खुलासों की संभावना जताई जा रही है.                                                                                                                                                  * केनरा बैंक के लॉकर से मिला कैश
एसीबी अधिकारियों ने शालीबंडा स्थित की शाखा में मौजूद लॉकर की तलाशी ली. जांच के दौरान लॉकर से नोटों के बंडल बरामद हुए, जिनकी कुल राशि लगभग 1.50 करोड़ रुपये बताई गई है. इससे पहले जांच एजेंसी आरोपी अधिकारी के आवास से भी 1.54 करोड़ रुपये नकद जब्त कर चुकी है. जांच अधिकारियों के अनुसार, नरहरी के बैंक खातों में जमा लगभग 5 करोड़ रुपये भी फ्रीज कर दिए गए हैं. अब दो अन्य लॉकरों की जांच की जानी है, जिनसे और नकदी अथवा दस्तावेज मिलने की संभावना है.
* 14 दिन की न्यायिक हिरासत में आरोपी
एसीबी ने आय से अधिक संपत्ति मामले में नरहरी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया था, जहां से उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. जांच एजेंसी अब उनकी संपत्तियों, बैंक लेन-देन और वित्तीय स्रोतों की विस्तृत जांच कर रही है.
* करोड़ों की संपत्तियां पहले ही जब्त
इससे पहले एसीबी ने कार्रवाई करते हुए आरोपी से जुड़ी 1.24 एकड़ भूमि, चार फ्लैट और दो इमारतों का पता लगाया था. इन संपत्तियों का घोषित मूल्य लगभग 13.05 करोड़ रुपये बताया गया है, जबकि बाजार मूल्य 200 करोड़ रुपये से अधिक होने का अनुमान लगाया जा रहा है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इतनी बड़ी संपत्ति किस प्रकार अर्जित की गई और इसमें अन्य लोगों की भूमिका तो नहीं रही. बैंक लॉकर से मिली भारी नकदी के बाद मामला और गंभीर हो गया है. -उइ अधिकारियों का कहना है कि जांच जारी है और यदि और संपत्तियां या वित्तीय अनियमितताएं सामने आती हैं तो आगे भी कार्रवाई की जाएगी. दो अन्य लॉकरों के खुलने के बाद इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.

Back to top button