10 मोटरसाइकिल बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार
कोतवाली पुलिस की कार्रवाई

अमरावती/दि.15– अमरावती पुलिस आयुक्तालय के अंतर्गत सिटी कोतवाली पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 3 लाख 60 हजार रुपये बताई जा रही है. इस कार्रवाई से शहर और आसपास के क्षेत्रों में दर्ज कुल 9 वाहन चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है.
पुलिस के अनुसार, 6 मई को देवी नगर, डाबकी निवासी सागर प्रकाशराव कुडकर (34) ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में बताया गया था कि उनकी होंडा यूनिकॉर्न मोटरसाइकिल प्रभात चौक स्थित एक दुकान के बाहर खड़ी थी, जहां से अज्ञात चोर उसे चुरा ले गए. मामले में पुलिस ने चोरी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की. वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, गुप्त सूचना और स्थानीय स्तर पर जांच-पड़ताल की. जांच के दौरान पुलिस ने राहुल संतोष सोलंके (24, मालीपुरा, कारंजा लाड), लखन उत्तमराव चव्हाण (26) तथा महादेव उत्तमराव चव्हाण (28, अळनमाव, भातकुली) को हिरासत में लिया.
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अमरावती शहर सहित अन्य स्थानों पर भी वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की. पुलिस ने उनके पास से होंडा सीबी यूनिकॉर्न, हीरो होंडा स्प्लेंडर, स्प्लेंडर प्लस, टीवीएस विक्टर, एक्टिवा 5जी और होंडा शाइन समेत कुल 10 चोरी के वाहन बरामद किए. जांच में सामने आया कि बरामद वाहन सिटी कोतवाली, राजापेठ, गाडगे नगर, दयापुर तथा चंद्रपुर शहर क्षेत्र में दर्ज चोरी के मामलों से संबंधित हैं. पुलिस अब आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है. यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला के मार्गदर्शन में डीसीपी श्याम घुगे और एसीपी संजय के नेतृत्व में की गई. अभियान में पुलिस निरीक्षक रोशन शिरसाट, पुलिस निरीक्षक रामदास पालवे, डीबी पथक प्रमुख पुलिस उपनिरीक्षक तुषार गावंडे, पुलिस उपनिरीक्षक रंगराव जाधव सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.