वाशिम में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत
पुलिस जांच में जुटी

वाशिम /दि.15– मालेगांव तहसील के तिवळी गांव में शनिवार (13 जून) को एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है. घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए.
जानकारी के मुताबिक संतोष तुकाराम बकाल (40) का शव गांव के समीप एक खेत में स्थित विद्युत टॉवर पर लटका हुआ पाया गया. वहीं उनकी पत्नी इंद्रायणी संतोष बकाल (35), पुत्री जान्हवी बकाल (8) और पुत्र सोहम बकाल (5) के शव उनके खेत में स्थित कुएं से बरामद किए गए. घटना की सूचना मिलते ही मालेगांव पुलिस थाने के पुलिस उपनिरीक्षक धनराज तायडे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों की मदद से सभी शवों को बाहर निकालकर पंचनामा किया गया. इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए मालेगांव ग्रामीण अस्पताल भेज दिया गया. पुलिस के अनुसार, इस हृदयविदारक घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से तिवळी गांव सहित पूरे इलाके में शोक की लहर है. ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है, जबकि पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है.





