गडगडेश्वर से रविनगर रोड क्षेत्र में प्लास्टिक जब्ती अभियान
महावीर दूध डेयरी पर 5 हजार का जुर्माना

अमरावती /दि.15- अमरावती मनपा द्वारा गडगडेश्वर से रविनगर रोड क्षेत्र में प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ विशेष जांच एवं जब्ती अभियान चलाया गया. यह कार्रवाई मनपा आयुक्त वर्षा लढ्ढा और अतिरिक्त आयुक्त शिल्पा नाईक के निर्देश पर तथा वैद्यकीय अधिकारी (स्वच्छता) डॉ. अजय जाधव एवं सहायक आयुक्त मनोज शहाले (जोन क्रमांक-5, भाजी बाजार) के मार्गदर्शन में की गई.
अभियान के दौरान कुल 14 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की गई. निरीक्षण में कुछ प्रतिष्ठानों में शासन द्वारा प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग पाया गया, जिसके चलते संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की गई. जांच के दौरान महावीर दूध डेयरी में प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग पाए जाने पर प्रतिष्ठान पर 5 हजार का जुर्माना लगाया गया. इस विशेष अभियान में प्लास्टिक नोडल अधिकारी ए. के. गोहर, वरिष्ठ स्वास्थ्य निरीक्षक राजेश राठोड़, स्वास्थ्य निरीक्षक सचिन सैनी, सागर इंगोले तथा अनिकेत फुके उपस्थित रहे. महानगरपालिका ने नागरिकों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग न करने तथा स्वच्छता संबंधी नियमों का पालन करने की अपील की है. साथ ही प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस प्रकार की जांच और कार्रवाई नियमित रूप से जारी रहेगी.





