बंद मकान से 20 तोला सोने के आभूषण चोरी
10.12 लाख रुपये का माल लेकर फरार हुए चोर

वरूड /दि.15- वरूड शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं. इसी क्रम में वरूड थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े घरफोड़ चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है. अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के आभूषण और नकदी समेत कुल 10 लाख 12 हजार रुपये का माल चोरी कर लिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, वरूड निवासी विकास शेषराव निचत (49) के घर में घटना के समय कोई मौजूद नहीं था. यह चोरी शुक्रवार, 12 जून को दोपहर 3 बजे से रात 10 बजे के बीच पोस्ट ऑफिस के सामने स्थित उनके निवास पर हुई. शिकायत के अनुसार, अज्ञात चोर घर में घुस गए और अलमारी तथा अन्य स्थानों पर रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया. रात में घर लौटने पर परिवार के लोगों ने देखा कि घर का सामान बिखरा पड़ा है. जांच करने पर पता चला कि करीब 199 ग्राम (लगभग 20 तोला) सोने के आभूषण, जिनकी अनुमानित कीमत 9 लाख 95 हजार रुपये है, चोरी हो चुके हैं. इसके अलावा लगभग 60 ग्राम चांदी के आभूषण तथा 5 हजार रुपये नकद भी गायब मिले.
पीड़ित के अनुसार चोरी गए सामान की कुल कीमत 10 लाख 12 हजार रुपये है. घटना की सूचना मिलते ही वरूड पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा किया. फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए. पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की तलाश जारी है. इस घटना से क्षेत्र के नागरिकों में दहशत का माहौल है.





