ऑटो, गैस सिलेंडर और राशन चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
74 हजार 580 का माल बरामद

तिवसा /दि.15- तिवसा पुलिस ने ऑटो रिक्शा और आंगनवाड़ी केंद्र में हुई चोरी की दो वारदातों का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी का ऑटो रिक्शा, गैस सिलेंडर और किराना सामान सहित कुल 74 हजार 580 रुपये का माल बरामद किया है.
पुलिस के अनुसार, 13 जून को ममदापुर निवासी बंडू नाथूजी पाठक (50) ने तिवसा के पुराने शासकीय अस्पताल परिसर से अपना पुराना थ्री-व्हीलर पैसेंजर ऑटो क्रमांक एमएच-27/एआर-1607 चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी. ऑटो की कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई थी. शिकायत के आधार पर तिवसा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. जांच के दौरान मिली गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने रेवचंद्र नारायण डोंगरे (33), निवासी ममदापुर, तिवसा को हिरासत में लिया. पूछताछ में उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली. इसके बाद उसके कब्जे से चोरी किया गया ऑटो रिक्शा बरामद कर लिया गया.
इसी दौरान पुलिस ने 12 जून को ममदापुर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-09 में हुई चोरी की भी जांच की. इस मामले में अज्ञात चोर गैस सिलेंडर, सोयाबीन तेल के पैकेट, हल्दी और अन्य किराना सामग्री चुरा ले गए थे. आरोपी के घर की तलाशी लेने पर पुलिस को एक घरेलू इंडेन गैस सिलेंडर और चोरी किया गया किराना सामान मिला. पुलिस ने करीब 4 हजार 580 रुपये मूल्य का सामान जब्त किया. इस प्रकार दोनों मामलों में कुल 74 हजार 580 रुपये का चोरी का माल बरामद कर लिया गया है. आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड़, उपविभागीय पुलिस अधिकारी कुलकर्णी के मार्गदर्शन में तिवसा पुलिस थाना प्रभारी गोपाल उपाध्याय तथा पुलिस टीम ने की. मामले की आगे की जांच पुलिस कर रही है.