सिताराम बाबा मंदिर परिसर में गिरा पेड़
हायड्रा की मदद से सुरक्षित हटाया गया

अमरावती/दि.15 – बालाजी प्लॉट स्थित सिताराम बाबा मंदिर परिसर में तेज़ आंधी और बारिश के कारण एक विशाल पेड़ गिर गया. घटना की सूचना मिलते ही अमरावती महानगरपालिका के उद्यान विभाग ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया.
पेड़ का आकार बड़ा होने तथा आसपास बिजली की तारें और नागरिकों की आवाजाही होने के कारण यह कार्य काफी जोखिमपूर्ण और चुनौतीपूर्ण था. इसके बावजूद उद्यान विभाग की टीम ने हायड्रा मशीन की सहायता से सुनियोजित तरीके से पेड़ को सुरक्षित हटाकर संभावित दुर्घटना को टाल दिया. इस कार्रवाई में किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति का नुकसान नहीं हुआ. राहत कार्य के दौरान बिजली विभाग (एमएसईबी) के कर्मचारियों ने भी महत्वपूर्ण सहयोग दिया. विद्युत आपूर्ति से जुड़ी आवश्यक सावधानियां बरतते हुए उन्होंने उद्यान विभाग के साथ समन्वय स्थापित किया, जिससे पूरा अभियान सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न हुआ.
महानगरपालिका की त्वरित आपदा प्रतिक्रिया व्यवस्था के चलते क्षेत्र के नागरिकों को बड़ी राहत मिली. संबंधित विभागों की सतर्कता और तत्परता से यातायात एवं जनजीवन भी शीघ्र सामान्य हो सका. इस सफल कार्रवाई के लिए उद्यान अधीक्षक अजय विंचुरकर, श्रीकांत गिरी, एमएसईबी के संबंधित कर्मचारी तथा उद्यान विभाग की पूरी टीम की सराहना की जा रही है. उनकी कर्तव्यनिष्ठा और त्वरित कार्यवाही से नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए यह अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया गया.





