अधिकमास के समापन पर एकवीरा-अंबादेवी मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

अमरावती /दि.15- पवित्र अधिकमास की समाप्ति के अवसर पर शहर के विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली. विशेष रूप से प्रसिद्ध अंबादेवी और एकवीरा देवी मंदिर में सुबह से ही दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए भक्तों का तांता लगा रहा.
अधिकमास के अंतिम दिन बड़ी संख्या में महिलाओं ने मंदिर पहुंचकर देवी मां के दर्शन किए और परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य तथा मंगलकामना के लिए विशेष पूजा-अर्चना की. मंदिर परिसर पूरे दिन भक्तिमय माहौल से गूंजता रहा. श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन, दीपदान और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों में उत्साहपूर्वक भाग लिया. मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां भक्तों ने पूरे मनोभाव से देवी की आराधना की. मंदिर प्रशासन की ओर से दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कतार व्यवस्था, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं, जिससे भक्तों को बिना किसी परेशानी के दर्शन प्राप्त हो सके. दिनभर मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी रही और अधिकमास का समापन श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ. इस अवसर पर शहरभर के धार्मिक स्थलों पर भी विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए.

Back to top button