मूर्तिजापुर में 108 जरूरतमंद विद्यार्थियों को मिलेगी साइकिल

‘पैडल टू प्रोग्रेस’ अभियान

* राष्ट्रसंत परम नम्रमुनि गुरुदेव की प्रेरणा से अर्हम युवा सेवा ग्रुप का मानवसेवा अभियान
* देशभर में 8,200 विद्यार्थियों को साइकिल वितरण
अमरावती /दि.18- राष्ट्रसंत परम गुरुदेव श्री नम्रमुनि महाराज साहेब की प्रेरणा से अर्हम युवा सेवा ग्रुप द्वारा शिक्षा और मानवसेवा को समर्पित पैडल टू प्रोग्रेस अभियान के अंतर्गत रविवार 19 जुलाई को मूर्तिजापुर के अग्रसेन भवन में जरूरतमंद एवं मेधावी विद्यार्थियों को साइकिल वितरित की जाएगी. इस कार्यक्रम के तहत मूर्तिजापुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के 108 विद्यार्थियों को साइकिलें भेंट की जाएंगी.
आयोजकों के अनुसार, ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों के अनेक विद्यार्थियों को प्रतिदिन लंबी दूरी तय कर स्कूल जाना पड़ता है. परिवहन सुविधा के अभाव में उनकी शिक्षा प्रभावित होती है. इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए यह अभियान शुरू किया गया है, ताकि विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए बेहतर साधन उपलब्ध हो सकें. यह राष्ट्रव्यापी सेवा अभियान सर्वमंगल फैमिली ट्रस्ट के मनुभाई शाह एवं रिकाबेन शाह (अमेरिका) के सहयोग से मनुभाई शाह के 82वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है. अभियान के तहत देशभर के 8,200 जरूरतमंद विद्यार्थियों को साइकिलें भेंट की जा रही हैं.
कार्यक्रम का शुभारंभ रविवार सुबह 9 बजे राष्ट्रसंत परम गुरुदेव के सान्निध्य में लाइव प्रसारण के माध्यम से होगा. गुजरात, महाराष्ट्र सहित देश के विभिन्न राज्यों में आयोजित इस सेवा अभियान के क्रम में अब मूर्तिजापुर में भी साइकिल वितरण किया जाएगा. अर्हम युवा सेवा ग्रुप अमरावती द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मूर्तिजापुर और अकोला के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में 28 विद्यालयों के चयनित विद्यार्थियों को साइकिलें सौंपी जाएंगी. इनमें जांभा, माना, विराहीत, अंभोरा, कानडी, वाई, कवठा, सोनारी बापोरी, हिवरा कोरडे, दहातोंडा, हातगांव, जामठी, बोर्टा, किनखेड सहित कई ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राएं शामिल हैं. साइकिल वितरण के बाद सभी विद्यार्थियों की एक जागरूकता रैली भी मूर्तिजापुर के प्रमुख मार्गों से निकाली जाएगी, जो पुनः कार्यक्रम स्थल पर समाप्त होगी. आयोजकों का कहना है कि यह पहल विद्यार्थियों के जीवन में आत्मविश्वास, शिक्षा और प्रगति की नई राह खोलने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी.

Back to top button