2.49 करोड़ के 1,665 चोरी और गुम मोबाइल बरामद

मुंबई रेलवे पुलिस की बड़ी कामयाबी

* रेलवे पुलिस उपायुक्त राकेश कलासागर के नेतृत्व में चला विशेष अभियान
* आधुनिक तकनीक और साइबर सेल की मदद से देशभर से मोबाइल बरामद कर असली मालिकों को लौटाए गए
मुंबई/दि.20- मुंबई रेलवे पुलिस ने चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन बरामद करने के लिए चलाए गए ‘विशेष खोज अभियान-3’ के तहत बड़ी सफलता हासिल की है. अभियान के दौरान कुल 1,665 मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 49 लाख 75 हजार रुपये है, बरामद किए गए. विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए.
वर्तमान में मुंबई रेलवे पुलिस में पुलिस उपायुक्त के पद पर कार्यरत तथा अकोला के पूर्व पुलिस अधीक्षक राकेश कलासागर के नेतृत्व में रेलवे पुलिस ने मोबाइल चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए यह विशेष अभियान चलाया. रेलवे पुलिस के अनुसार, मुंबई की उपनगरीय और लंबी दूरी की ट्रेनों में प्रतिदिन लाखों यात्री सफर करते हैं. भीड़भाड़ का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व मोबाइल चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं. पिछले कुछ वर्षों में ऐसे मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए मोबाइल चोरी की रोकथाम को प्राथमिकता दी गई. इसी क्रम में वर्ष 2024, 2025 और जनवरी से जून 2026 के दौरान दर्ज मोबाइल चोरी के मामलों की दोबारा जांच की गई. रेलवे पुलिस की विभिन्न टीमों ने साइबर सेल की सहायता से आधुनिक तकनीक, डिजिटल ट्रैकिंग और आईएमईआई आधारित विश्लेषण के जरिए चोरी हुए मोबाइल फोन का पता लगाया. जांच के दौरान कई मोबाइल महाराष्ट्र के बाहर अन्य राज्यों में भी मिले. ऐसे मामलों में संबंधित राज्यों की पुलिस से समन्वय स्थापित कर मोबाइल बरामद किए गए. सभी मोबाइलों का सत्यापन करने के बाद उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिया गया.
रेलवे पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने मोबाइल और अन्य कीमती सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें. यदि मोबाइल चोरी हो जाए या गुम हो जाए तो तुरंत निकटतम रेलवे पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि तकनीकी सहायता के माध्यम से समय रहते उसकी खोज की जा सके. रेलवे पुलिस ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा और मोबाइल चोरी जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे.

Back to top button