बाइक दुर्घटना में 19 वर्षीय युवक की मौत, युवती घायल

अमरावती/दि.3– शहर में देर रात हुए एक सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार एक युवती घायल हो गई. घटना 31 मई की मध्यरात्रि के बाद की बताई जा रही है. हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है.
जानकारी के अनुसार, 19 वर्षीय युवक पढ़ाई के लिए अपने बड़े भाई के साथ अमरावती में रह रहा था. 31 मई की रात दोनों भाई एक होटल में भोजन करने के बाद घर लौटे थे. घर पहुंचने पर बड़े भाई ने उसे मोटरसाइकिल घर के गेट के अंदर खड़ी करने के लिए कहा और स्वयं छत पर सोने चला गया. रात करीब 12.15 बजे युवक के पिता का फोन आया, जिसमें उन्होंने बेटे के सड़क दुर्घटना में घायल होने की सूचना दी. इसके बाद बड़े भाई ने युवक के मोबाइल पर संपर्क किया तो फोन एक पुलिसकर्मी ने उठाया और बताया कि दुर्घटना हो गई है तथा घायल युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया है.
सूचना मिलते ही बड़ा भाई अपने दोस्तों के साथ तत्काल इरविन अस्पताल पहुंचा. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद 19 वर्षीय युवक को मृत घोषित कर दिया. अस्पताल में उसके साथ मौजूद युवती भी घायल अवस्था में उपचाराधीन मिली. पुलिस के अनुसार, दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और उसका वास्तविक कारण क्या था, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है. मामले में राजापेठ पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस घटनास्थल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है.े

Back to top button