अकोला में खुदाई के दौरान मिला 20-25 साल पुराना हैंड ग्रेनेड

पुलिस ने जांच शुरु की, मचा हडकंप

अकोला/दि.13 – अकोला शहर के पुराने शहर थाना क्षेत्र स्थित शिवसेना वसाहत में रविवार को खुदाई के दौरान एक पुराना हैंड ग्रेनेड मिलने से कुछ समय के लिए इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम करते हुए संदिग्ध वस्तु को अपने कब्जे में लिया. बम खोजी एवं निष्क्रियकरण दस्ता (बीडीडीएस) द्वारा की गई तकनीकी जांच में पुष्टि हुई कि बरामद वस्तु लगभग 20 से 25 वर्ष पुराना हैंड ग्रेनेड है. इसकी जानकारी उपविभागीय पुलिस अधिकारी सुदर्शन पाटील ने दी.
जानकारी के मुताबिक फिलहाल इस हैंड ग्रेनेड से किसी प्रकार का तत्काल खतरा नहीं है. हालांकि यह विस्फोटक वहां कैसे पहुंचा और इतने वर्षों तक जमीन के भीतर कैसे दबा रहा, इसकी जांच की जा रही है. घटना के बाद सोशल मीडिया पर विभिन्न तरह की चर्चाएं शुरू होने पर पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करने की अपील की है. पुलिस ने लोगों से यह भी कहा है कि यदि भविष्य में खुदाई के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु मिले तो उसे हाथ न लगाएं और तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके. फिलहाल मामले की जांच जारी है.

Back to top button