जिले में एसआईआर के तहत पंजीकृत हुए 20.28 लाख मतदाता
दो दिन में 2 लाख से अधिक मतदाताओं का हुआ डीजीटायझेशन

* अमरावती व बडनेरा में अब काम ने पकडी रफ्तार
* अमरावती में 70.15 व बडनेरा में 68.22 फीसद काम पूरा
* तिवसा के अलावा अन्य निर्वाचन क्षेत्रों में 80 फीसद से अधिक लक्ष्यपूर्ति
अमरावती/दि.28 – विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत अमरावती जिले में मतदाता सत्यापन और डिजिटाइजेशन कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है. 28 जुलाई दोपहर 12 बजे तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार जिले के कुल 25.45 लाख मतदाताओं में से 25.41 लाख मतदाताओं तक इन्यूमरेशन फॉर्म (ईएफ) पहुंचा दिए गए हैं, जो 99.85 प्रतिशत लक्ष्यपूर्ति को दर्शाता है. वहीं 20 लाख 28 हजार 842 मतदाताओं के फॉर्म का डिजिटाइजेशन भी पूरा हो चुका है, जिससे जिले में डिजिटाइजेशन का प्रतिशत बढ़कर 79.70 प्रतिशत तक पहुंच गया है.
विशेष रूप से पिछले दो दिनों में डिजिटाइजेशन की गति में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है. 27 जुलाई की तुलना में 28 जुलाई तक दो लाख से अधिक मतदाताओं के रिकॉर्ड डिजिटल किए गए हैं. प्रशासन का दावा है कि शेष कार्य भी निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा कर लिया जाएगा.
* अमरावती और बडनेरा में बढ़ी रफ्तार
जिले के शहरी क्षेत्रों अमरावती और बडनेरा विधानसभा क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से डिजिटाइजेशन कार्य ने गति पकड़ी है. अमरावती विधानसभा क्षेत्र में 3 लाख 74 हजार 943 फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं, जबकि 2 लाख 63 हजार 345 मतदाताओं का डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है. यहां प्रगति का प्रतिशत 70.15 तक पहुंच गया है. इसी प्रकार बडनेरा विधानसभा क्षेत्र में 3 लाख 73 हजार 917 फॉर्म वितरित किए गए हैं तथा 2 लाख 55 हजार 503 मतदाताओं का डेटा डिजिटल किया जा चुका है. यहां डिजिटाइजेशन का प्रतिशत 68.22 दर्ज किया गया है. पिछले 24 घंटों में बडनेरा में 1.43 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जो जिले में सर्वाधिक वृद्धि में से एक मानी जा रही है.
* ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन
ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों में डिजिटाइजेशन का कार्य अपेक्षाकृत अधिक तेजी से पूरा हुआ है. दर्यापुर विधानसभा क्षेत्र ने 88.28 प्रतिशत डिजिटाइजेशन के साथ जिले में अग्रणी स्थान प्राप्त किया है. वहीं मोर्शी में 88.67 प्रतिशत, धामणगांव रेलवे में 84.63 प्रतिशत, अचलपुर में 83.57 प्रतिशत तथा मेलघाट में 80.82 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है. तिवसा विधानसभा क्षेत्र में भी 78.60 प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है और वहां शेष कार्य तेजी से जारी है.
* फॉर्म वितरण लगभग शत-प्रतिशत
एसआईआर अभियान के तहत जिले के लगभग सभी विधानसभा क्षेत्रों में फॉर्म वितरण 99 प्रतिशत से अधिक पूरा हो चुका है. दर्यापुर विधानसभा क्षेत्र ने 100 प्रतिशत फॉर्म वितरण का लक्ष्य हासिल कर लिया है. वहीं धामणगांव रेलवे (99.99%), मोर्शी (99.97%), अचलपुर (99.93%), अमरावती (99.88%), बडनेरा (99.83%) और मेलघाट (99.82%) जैसे क्षेत्रों में भी लगभग सभी मतदाताओं तक फॉर्म पहुंच चुके हैं.
* प्रशासन का फोकस अब डिजिटाइजेशन पर
फॉर्म वितरण का कार्य लगभग पूर्ण होने के बाद प्रशासन का पूरा ध्यान अब प्राप्त फॉर्मों के डिजिटाइजेशन और सत्यापन पर केंद्रित है. चुनाव विभाग के अधिकारियों के अनुसार बूथ स्तर के कर्मचारी और संबंधित टीमों को तेजी से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अंतिम मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके. जिले में एसआईआर अभियान की प्रगति को देखते हुए प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि आने वाले कुछ दिनों में डिजिटाइजेशन का प्रतिशत और तेजी से बढ़ेगा तथा शेष मतदाताओं का विवरण भी डिजिटल रिकॉर्ड में शामिल कर लिया जाएगा.





