7 डॉक्टरों सहित 21 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
अवैध लिंग जांच और गर्भपात मामला

* आरोपियों के पास से एक पोर्टेबल सोनोग्राफी मशीन और तीन चार पहिया गाड़ियां जब्त
पुणे/दि.12 – अवैध लिंग परीक्षण और गर्भपात के बड़े नेटवर्क का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. इस मामले में एक और डॉक्टर और पारनेर के एक एजेंट की गिरफ्तारी के बाद कुल गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 21 हो गई है. इनमें 7 डॉक्टर, 3 मेडिकल वाहन चालक और एक बड़ा मेडिकल उपकरण सप्लायर शामिल हैं. श्रीरामपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सोमनाथ वाकचौरे ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 5 पोर्टेबल सोनोग्राफी मशीनें, 4 चारपहिया वाहन और 1 दोपहिया वाहन जब्त किए हैं.
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी डॉक्टर अहिल्यानगर, पुणे और नासिक जिलों में अवैध रूप से लिंग परीक्षण और गर्भपात कर रहे थे. इस नेटवर्क में एजेंटों के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को जांच के लिए लाया जाता था. लोणी पुलिस स्टेशन क्षेत्र के निर्मल पिंपरी इलाके में एक खेत में बने घर पर छापेमारी के दौरान इस रैकेट का खुलासा हुआ था, जहां से कई आरोपियों और उपकरणों को गिरफ्तार किया गया. शुरुआती कार्रवाई में डॉ. राहुल भणगे, एजेंट दिलीप भुसाल, नीलेश भवर सहित 9 लोगों को पकड़ा गया था.
इसके बाद जांच का दायरा बढ़ते हुए कई अन्य डॉक्टरों, मेडिकल उपकरण विक्रेताओं और एजेंटों की भूमिका सामने आई. पुलिस ने अलग-अलग जिलों से आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से अवैध मशीनें और दवाइयां बरामद कीं. जांच में यह भी पता चला कि पुणे से गिरफ्तार कुछ डॉक्टरों और उपकरण विक्रेताओं से खरीदी गई पोर्टेबल सोनोग्राफी मशीनों का इस्तेमाल अवैध लिंग जांच के लिए किया जा रहा था. पुलिस ने बताया कि इस पूरे नेटवर्क में कई जिलों तक फैला संगठित गिरोह शामिल था, जो एजेंटों के माध्यम से काम करता था. अब तक कई आरोपियों को अदालत ने पुलिस हिरासत में भेज दिया है और किसी को भी जमानत नहीं मिली है. मामले की आगे की जांच जिला पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में शिर्डी पुलिस उपाधीक्षक द्वारा की जा रही है.





