236 कॉल, 33 मैसेज और 152 खाते

चाकणकर बहनों के तामझाम पर सुषमा अंधारे ने उठाये सवाल

* भोंदू बाबा अशोक खरात प्रकरण
नाशिक/दि.14 – नाशिक के बहुचर्चित भोंदू बाबा अशोक खरात धोखाधड़ी और यौन शोषण मामले में नए-नए खुलासे सामने आ रहे हैं. इसी मामले में कल शिर्डी पुलिस ने रुपाली चाकणकर की बहन प्रतिभा चाकणकर और उनके बेटे तनमय से लगभग छह घंटे तक लंबी पूछताछ की. पूछताछ के बाद उन्होंने मीडिया से बात करते हुए सभी आरोपों को खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी समता पतसंस्था में खाता नहीं खोला और न ही वहां गईं. साथ ही दिया गया पता भी गलत है. अब इस पर शिवसेना ठाकरे गुट की नेता सुषमा अंधारे ने आलोचना की है.
सुषमा अंधारे ने हाल ही में अपने आधिकारिक ट्विटर पर एक पोस्ट शेयर किया है. इस पोस्ट में उन्होंने कहा कि चाकणकर बहनों का आज का यह सारा तामझाम देखकर समझ नहीं आ रहा कि कौन किसे धोखा दे रहा है? पुलिस को चाकणकर की पूछताछ करनी थी या उनके वकीलों के पास किसी को संदेश देना था? ऐसे कई सवाल उन्होंने उठाए हैं.
हम एसआईटी से मिलने गए थे, एसआईटी की मुख्य इमारत से लेकर बाहर राज्य महामार्ग तक के सभी गेट बंद थे. पत्रकार तो क्या, किसी चौथे व्यक्ति को भी इस परिसर में प्रवेश नहीं दिया गया. फिर संदिग्ध चाकणकर बहनों को शिर्डी में यह विशेष सुविधा क्यों दी गई?
अगर दमानिया के सीडीआर फर्जी हैं, जैसा फडणवीस कह रहे हैं, तो अब तक दमानिया को गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया?
अगर दमानिया सच बोल रही हैं, तो चाकणकर बहनों को ऐसी रॉयल ट्रीटमेंट क्यों?
पुलिस को चाकणकर की पूछताछ करनी थी या उनके वकीलों को किसी को संदेश देना था?
स्वयंघोषित समाजसेवक की नई आवृत्ति दमानिया के अनुसार खरात और चाकणकर के बीच 236 कॉल, 33 मैसेज और समता संस्था में 152 खाते हैं, तो अभी तक चाकणकर बहनों का एंजॉय पीरियड खत्म क्यों नहीं हुआ?
एकनाथ शिंदे और दीपक केसरकर को पूछताछ के लिए कब बुलाया जाएगा?
कौन किसे बेवकूफ बना रहा है? चाकणकर एसआईटी को? दमानिया महाराष्ट्र को? या एसआईटी पीड़ित महिलाओं को?
* प्रतिभा चाकणकर का स्पष्टीकरण
इसी बीच, अशोक खरात के आर्थिक अपराधों की जांच के दौरान पुलिस के हाथ 100 से ज्यादा बैंक खातों की जानकारी लगी है. इनमें प्रतिभा चाकणकर और उनके बेटे तनमय के नाम पर पतसंस्था में खोले गए बैंक खाते भी शामिल हैं. शुरुआती जांच में इन खातों से लगभग 2 करोड़ रुपये से ज्यादा के संदिग्ध लेनदेन सामने आए हैं.
पूछताछ के दौरान प्रतिभा चाकणकर ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज कर दिया. उन्होंने कहा, अशोक खरात के पास जाने पर उसने केवल दस्तावेज लिए थे. हमारी अनुमति के बिना हमारे नाम और दस्तावेजों का इस्तेमाल करके उसने ये बैंक खाते खोले हैं. उन्होंने यह भी कहा कि इन आर्थिक लेनदेन से उनका कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं है.

Back to top button