संभाजीनगर के कुंभेफल में शोक

बालक शंभू को नाग ने डसा

छत्रपति संभाजीनगर/दि.14 – जिले के कुंभेफल क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. रविवार रात घर की सीढ़ियों पर खेल रहे दो साल के मासूम की सर्पदंश से मौत हो गई. बच्चे की मौत से दांडगे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. मृत बालक का नाम शंभू ज्ञानेश्वर दांडगे है.
* दाहिने पैर पर नाग का डंस
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शंभू रात के समय अपने घर की सीढ़ियों पर खेल रहा था. इसी दौरान वहां पहले से छिपे एक जहरीले नाग ने उसके दाहिने पैर पर डंस लिया. बच्चे के रोने की आवाज सुनकर मां तुरंत वहां पहुंची, तब उन्होंने देखा कि बच्चे के पैर से खून बह रहा है. कुछ ही देर में शंभू की हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजनों ने उसे तुरंत करमाड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया.
* इलाज से पहले ही बुझ गई जीवन की लौ
प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे तुरंत छत्रपति संभाजीनगर शहर के बड़े अस्पताल में रेफर करने की सलाह दी. लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था, अस्पताल पहुंचने से पहले ही इस मासूम की मौत हो गई. शंभू अपने माता-पिता की पहली संतान था, उसके इस तरह चले जाने से पूरे कुंभेफल गांव में शोक का माहौल है.

Back to top button