गांजा तस्करी के मामले में दो फरार आरोपी गिरफ्तार

अमरावती ग्रामीण एलसीबी की कार्रवाई

 वर्ष 2022 से फरार आरोपियों को ऑपरेशन कवच के तहत पकड़ा
अमरावती/दि.16 – अमरावती ग्रामीण अपराध शाखा ने मादक पदार्थों की बिक्री के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी वर्ष 2022 से फरार थे. अपराध शाखा की दो टीमों ने 14 अक्टूबर को यह कार्रवाई की. गिरफ्तार आरोपियों के नाम बिस्मिल्ला बेग उर्फ गुड्डू यासीन बेग (58) तथा जमीर बेग नूर आजम बेग (33) है.
अमरावती ग्रामीण पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम ने ऑपरेशन कवच के तहत मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी करने वाले और फरार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश अपराध शाखा की टीमों को दिए थे. जानकारी के मुताबिक चांदूर रेलवे पुलिस थाने में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8(सी) और 20(बी) के अंतर्गत मामला दर्ज है. इस मामले में वांछित आरोपियों की तलाश के दौरान अपराध शाखा की टीमों ने गोपनीय जानकारी के आधार पर कार्रवाई की. गिरफ्तार आरोपियों के नाम बडनेरा निवासी बिस्मिल्ला बेग उर्फ गुड्डू यासीन बेग (58) तथा नेरपिंगलाई निवासी जमीर बेग नूर आजम बेग (33) है. पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी गांजा एवं मादक पदार्थों की बिक्री से संबंधित मामले में वांछित थे और वर्ष 2022 से फरार चल रहे थे. उनकी गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवार के मार्गदर्शन में अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक अशोक लांडे के नेतृत्व में पुलिस अधिकारी श्यामकुमार गावंडे, रविंद्र विहाड़े, मंगेश लकड़े, सचिन मसांगे, हर्षल काले तथा वाहन चालक प्रणव चिमोटे के दल ने की.

Back to top button