गुजराती एज्यु. सोसा. के 627 में से 237 मतदाता दिवंगत
केवल 390 मतदाता ही वोट डालने के लिए पात्र

* 390 में से 70-80 मतदाता रहते है बाहर गांव
* संस्था के वोटींग प्रतिशत पर टिकी सभी की निगाहे
* एक-एक वोट के लिए चल रही जबरदस्त जद्दोजहद
* परसो 28 जून को होना है मतदान, तुरंत बाद घोषित होंगे नतीजे
* अध्यक्ष व उपाध्यक्ष तथा 12 कार्यकारी सदस्यों का होगा चयन
अमरावती/दि.26 – शहर के शिक्षा क्षेत्र में काफी नामांकित स्थान हासिल करनेवाली दी गुजराती एज्युकेशन सोसायटी में वर्ष 2026-29 के त्रैवार्षिक कार्यकाल हेतु नई कार्यकारिणी का चयन करने के लिए परसों रविवार 28 जून को मतदान कराया जाना है. जिसके लिए तैयारी की गई मतदाता सुची में संस्था के आजीवन व वार्षिक सभासदों को मिलाकर कुल 627 मतदाताओं की नामों का समावेश है. लेकिन असल हकिकत यह है कि, इसमें से 237 मतदाता विगत कुछ वर्षो के दौरान दिवंगत हो चुके है. जिसके चलते इस समय संस्था के पास केवल 390 पात्र मतदाता ही उपलब्ध है. जिनके व्दारा आगामी 28 जून को होनेवाली मतदान की प्रक्रिया में अपने मताधिकार का प्रयोग किए जाना अपेक्षित है. इसके साथ यह जानकारी भी सामने आयी है कि, इन 390 पात्र व उपलब्ध मतदाताओं में से करीब 70-80 मतदाताओं का अमरावती से बाहर अन्य शहरों व जिलों में रहना है. ऐसे में अब जहां यह देखना दिलचस्प होगा कि, गुजराती एज्युकेशन सोसायटी के उपलब्ध व पात्र 390 मतदाताओं में से कितने मतदाताओं व्दारा अपने मताधिकार का प्रयोग किया जाता है. वही दूसरी ओर संस्था के चुनाव में उपलब्ध व पात्र रहनेवाले मतदाताओं की संख्या बेहद कम रहने के चलते अब चुनाव लड रहे प्रत्याशियों व्दारा एक-एक वोट के लिए जबरदस्त जद्दोजहद की जा रही है. क्योंकि अब सभी प्रत्याशियों के लिए हर एक वोट बेहद किमती है.
बता दे कि, गुजराती एज्युकेशन सोसायटी की नई कार्यकारिणी का चयन करने हेतु कराए जा रहे चुनाव के लिए नियुक्त निर्वाचन अधिकारी हितेंद्रभाई धाबलिया व्दारा अपने सहायकों की टीम के साथ मिलकर संस्था के चुनाव हेतु मतदाता सुची तैयार की गई है. जिसमें संस्था के कुल 627 सभासदों के नाम है. यही मतदाता सुची धर्मदाय आयुक्त कार्यालय के पास भी पंजीकृत है. जिसका विगत लंबे समय से अद्यावतिकरण यानी अपडेशन व अपग्रेडेशन नही हुआ है. जिसके चलते विगत कुछ वर्षो के दौरान दिवंगत हो चुके 237 मतदाताओं के नाम भी इस मतदाता सुची में शामिल है. तथा दिवंगत मतदाताओं के नाम अब तक मतदाता सुची से हटाए व काटे नही जा सके है.
इस स्थिति के मध्य नजर कहा जा सकता है कि, गुजराती एज्युकेशन सोसायटी के कुल मतदाताओं में से करीब 37.80 फीसद मतदाता दिवगंत हो चुके है. ओर इस समय संस्था के पास 62.20फीसद मतदाता संख्या ही उपलब्ध है. इसमें भी 70-80 मतदाता बाहर गांव में रहते है ओर अमरावती में रहनेवाले मतदाताओं की संख्या 310 से 320 के आसपास है. यानी कुल मतदाता संख्या की तुलना में अमरावती में रहनेवाले मतदाताओं की संख्या बमुश्किल 50 फीसद के आसपास है. इसके चलते चुनाव काफी रोचक ओर काटे की टक्कर वाली स्थिति में कहा जा सकता है. क्योंकि 2-4 वोट भी इधर से उधर होने पर हार-जीत के समीकरण बिगड सकते है. यही वजह है कि, संस्था में अध्यक्ष पद हेतु रेस में रहनेवाले 3, उपाध्यक्ष पद हेतु रेस में रहनेवाले 2 तथा 12 कार्यकारिणी सदस्य पदों हेतु रेस में रहनेवाले 27 दावेदारों के बीच प्रत्येक उपलब्ध व पात्र मतदाता तक अपनी पहुंच बनाने के लिए जमकर भागमभाग व जद्दोजहद की जा रही है.

अध्यक्ष पद हेतु त्रिकोणीय मुकाबला, 3 दावेदारों के बीच कांटे की टक्कर
* समर्पण पैनल व प्रोग्रेसिव पैनल ने अपने 14-14 प्रत्याशी मैदान में उतारे
* अध्यक्ष पद हेतू 1 व सदस्य पद हेतू 3 निर्दलियों ने भी पेश की दावेदारी
गुजरावती एज्युकेशन सोसायटी के चुनाव हेतू दो अलग-अलग पैनल एक दूसरे के सामने है. इसके तहत सर्मपण पैनल एवं प्रोग्रेसिव पैनल ने अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद सहित 12 कार्यकारिणी सदस्य पद हेतू अपने 14-14 प्रत्याशियों को चुनावी मैदान में उतारा है. जब कि, अध्यक्ष पद हेतू 1 तथा कार्यकारिणी सदस्य पदों हेतू 3 निर्दलीय दावेदारों ने भी अपनी दावेदारी पेश की है. जिसके चलते गुजराती एज्युकेशन सोसायटी के चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए त्रिकोणीय मुकाबलेवाली स्थिति है. जिसमें से मुख्य मुकाबला सर्मपण पैनल के प्रत्याशी दिलीप मंगलजीभाई पोपट एवं प्रोग्रेसिव पैनल के प्रत्याशी सी.ए.डॉ. निलेशभाई लाठिया के बीच दिखाई दे रहा है. वही अध्यक्ष पद हेतू निर्दलीय प्रत्याशी डॉ.धिरेंद्र आडतिया भी मैदान में है. वही उपाध्यक्ष पद के लिए सर्मपण पैनल की ओर से डॉ. नितिन कांतीलाल सेठ और प्रोगेसिव पैनल की ओर से एड. संजय शांतिलाल सांगाणी के बीच सीधा मुकाबला होगा. इसके अलावा संस्था के चुनाव में कार्यवाहक समिति के व्दारा सदस्य पदों हेतू सर्मपण पैनल की ओर से अमृतलाल पटेल, एड. धरमेश सागलानी, दिनेश सेठिया, हर्षद उपाध्याय, किरण आडतिया, किशोर कारिया, मिलन गांधी, राजेश संतोशिया, सीए. राजेश पटेल, रश्मीकांत उर्फ पप्पु गगलानी, सीमेश श्रॉफ तथा प्रोगे्रसिव पैनल की और से अजय मांडवीया, भरत मेहता, भरतकुमार भयानी, चेतनकुमार लाठिया, दिपक ठक्कर, जयेश जसापारा, जितेंद्र दोशी, मनोज गगलानी (शाह), अॅड. निलेश शाह, तुषार श्रॉफ व योगेंद्र देसाई मैदान में है. जबकि सदस्य पदों के लिए दिलीप वजीर, धर्मेश गगलानी व पीयुष मेहता बतौर निर्दलीय प्रत्याशी चुनावी मैदान में है. इस तरह से सोसायटी की 12 सदस्यीय कार्यकारिणी के लिए कुल 27 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं.
दि गुजराती एज्युकेशन सोसायटी में चुनाव प्रक्रिया का संचालन मुख्य चुनाव अधिकारी एड. हितेंद्र धाबलिया के नेतृत्व में किया जा रहा है. उनके सहयोग के लिए खुशाल पटेल, राजेंद्र मालविया, राजू पारेख, रमेश कामदार और जीतेंद्र आनंदपारा को सहायक चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है. गुजराती समाज की प्रमुख शैक्षणिक संस्था मानी जाने वाली इस सोसायटी के चुनाव को लेकर समाज के सदस्यों में उत्साह का माहौल है.





