शराब के नशे में माता-पिता की लापरवाही, चार माह का मासूम सड़क पर गिरा

चंद्रपुर की घटना से सनसनी

भिसी (चंद्रपुर)/दि.26 – माता-पिता की गोद में सुरक्षित रहने वाला चार माह का मासूम शराब के नशे में धुत माता-पिता की लापरवाही का शिकार हो गया. नशे की हालत में दंपती को यह तक पता नहीं चला कि उनका बच्चा सड़क पर गिर गया है. यह हृदयविदारक घटना बुधवार रात भिसी बायपास स्थित माउली ढाबा के समीप घटी. पुलिस की तत्परता से समय रहते बच्चे को उपचार मिल गया और बड़ा हादसा टल गया.
जानकारी के अनुसार, चिमूर से नांदला जा रहे फूलचंद राऊत और मीरा राऊत अपनी ढाई वर्षीय संतान तथा चार माह के शिशु के साथ मोटरसाइकिल पर सवार थे. दोनों पति-पत्नी कथित रूप से शराब के नशे में थे. इसी दौरान चार माह का बच्चा उनके हाथों से फिसलकर सड़क पर गिर गया, लेकिन नशे में होने के कारण उन्हें इसका आभास तक नहीं हुआ.
बताया जाता है कि करीब 700 मीटर आगे जाकर उनकी मोटरसाइकिल भी फिसलकर गिर गई. इसके बावजूद दंपती को यह ध्यान नहीं आया कि उनका शिशु पीछे सड़क पर छूट गया है. दुर्घटना के बाद दोनों सड़क किनारे ही पड़े रहे. राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजर रहे कुछ लोगों ने यह दृश्य देखकर तुरंत भिसी पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मंगेश भोंगाडे, पुलिस उपनिरीक्षक रविंद्र वाघ तथा पुलिसकर्मी पिल्लेवान और लेंगुरे मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शिशु को तत्काल भिसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया.
अस्पताल में डॉ. चैताली कावले, स्वास्थ्य सेविका संचिता निमसरकार और जे. टी. धानके ने बच्चे का उपचार किया. उपचार के बाद बच्चे की स्थिति स्थिर बताई गई और उसे सुरक्षित रूप से नांदला पहुंचाया गया. इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है. लोग माता-पिता की लापरवाही और शराब के नशे में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठा रहे हैं. मामले की जांच भिसी पुलिस कर रही है.
बॉक्स
* पुलिस की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
समय पर सूचना मिलने के बाद भिसी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मासूम बच्चे को अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों के अनुसार समय पर इलाज मिलने से बच्चे की जान बच गई. पुलिस की इस तत्परता की स्थानीय नागरिकों ने सराहना की है.

Back to top button