गणेशोत्सव हेतु 246 स्पेशल ट्रेनें
रेलवे ने किया ऐलान

* अनारक्षित ट्रेनों की भी बढेगी संख्या
मुंबई/दि.28 – मध्य रेलवे ने गणेशोत्सव के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए 246 गणपति स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है. इन विशेष ट्रेनों का संचालन 11 से 27 सितंबर के बीच किया जाएगा. रेलवे के इस फैसले से हर साल गणेशोत्सव पर मुंबई और अन्य शहरों से कोकण जाने वाले लाखों यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है. हालांकि यात्रियों ने मांग की है कि आरक्षित ट्रेनों के साथ-साथ अनारक्षित (जनरल) विशेष ट्रेनों की संख्या भी बढ़ाई जाए, ताकि आम यात्रियों को भी आसानी से यात्रा का अवसर मिल सके.
रेलवे के अनुसार इस बार कुल 246 विशेष फेरे चलाए जाएंगे. इनमें 184 आरक्षित मिश्रित स्पेशल ट्रेनें (एसी, स्लीपर और जनरल कोच सहित) तथा 62 अनारक्षित मेमू विशेष ट्रेनें शामिल हैं. मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से 98, लोकमान्य तिलक टर्मिनस से 76, पुणे से 10 तथा 62 अनारक्षित विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी.
* 1 से 3 अगस्त तक शुरू होगा आरक्षण
गणपति स्पेशल ट्रेनों का आरक्षण 1, 2 और 3 अगस्त को चरणबद्ध तरीके से आईआरसीटीसी की वेबसाइट और सभी पीआरएस केंद्रों पर शुरू होगा. रेलवे ने अलग-अलग ट्रेनों के लिए अलग-अलग तारीख तय की है, जिससे एक ही दिन सर्वर पर अधिक दबाव न पड़े.
* यात्रियों ने उठाए सवाल
यात्री बलीराम राणे ने कहा कि कुछ विशेष ट्रेनों का समय यात्रियों के लिए सुविधाजनक नहीं है. उदाहरण के तौर पर सीएसएमटी-सावंतवाड़ी स्पेशल ट्रेन दोपहर में रवाना होकर कई स्टेशनों पर आधी रात के बाद पहुंचती है, जिससे परिवारों और बुजुर्ग यात्रियों को परेशानी होगी. उन्होंने यह भी कहा कि विशेष ट्रेनों का किराया सामान्य ट्रेनों की तुलना में 100 से 200 रुपये अधिक होता है. ऐसे में आम यात्रियों को राहत देने के लिए अधिक अनारक्षित विशेष ट्रेनें चलाई जानी चाहिए.
* प्रमुख स्पेशल ट्रेनें
सीएसएमटी – सावंतवाड़ी रोड दैनिक स्पेशल
सीएसएमटी – रत्नागिरी दैनिक स्पेशल
एलटीटी – सावंतवाड़ी रोड दैनिक, साप्ताहिक व द्वि-साप्ताहिक स्पेशल
एलटीटी – रत्नागिरी विशेष ट्रेन
एलटीटी – मडगांव एसी एवं सामान्य विशेष ट्रेन
पुणे – रत्नागिरी एसी एवं साप्ताहिक स्पेशल
दिवा – खेड तथा दिवा – चिपलून अनारक्षित मेमू विशेष ट्रेनें





