4 हजार जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र लंबित

आम नागरिक परेशान

अमरावती/दि.18– अमरावती मनपा क्षेत्र में करीब 4 हजार जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र लंबित होने से विद्यार्थियों, अभिभावकों और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. प्रमाणपत्र प्राप्त करने के लिए लोगों को एक से डेढ़ महीने तक इंतजार करना पड़ रहा है.
जानकारी के अनुसार, जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया में हाल ही में बदलाव किया गया है. पहले प्रमाणपत्रों को मनपा के वैद्यकीय स्वास्थ्य अधिकारी की मंजूरी से जारी किया जाता था, लेकिन अब इसके लिए जिला स्वास्थ्य अधिकारी (डीएचओ) की आईडी और मंजूरी अनिवार्य कर दी गई है. इसी कारण प्रमाणपत्रों के अनुमोदन और वितरण की गति धीमी पड़ गई है. अधिकारियों के मुताबिक वर्तमान में केवल एक आईडी के माध्यम से अनुमोदन प्रक्रिया चल रही है, जिससे कार्यभार बढ़ गया है और हजारों आवेदन लंबित हो गए हैं. तकनीकी बदलाव और पोर्टल संबंधी समस्याएं भी देरी का प्रमुख कारण बन रही हैं. इस देरी का सबसे अधिक असर विद्यार्थियों पर पड़ रहा है, क्योंकि स्कूल और कॉलेजों में प्रवेश के समय जन्म प्रमाणपत्र आवश्यक दस्तावेज होता है. वहीं कई सरकारी और कानूनी कार्यों के लिए मृत्यु प्रमाणपत्र भी जरूरी होता है. महानगरपालिका प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि आवश्यक आईडी उपलब्ध होने के बाद अतिरिक्त कर्मचारियों की मदद से लंबित 4 हजार प्रमाणपत्रों का शीघ्र निपटारा किया जाएगा. अधिकारियों का कहना है कि पहले जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र 8 से 10 दिनों के भीतर जारी हो जाते थे, लेकिन नई प्रणाली और तकनीकी दिक्कतों के कारण प्रक्रिया प्रभावित हुई है.

Back to top button