रिसर्च संस्था में 2 लाख से अधिक की धोखाधडी

मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव ने डॉक्टरों और मेडिकल छात्रों से लिए निजी खाते में पैसे

* संस्था से दस्तावेज गायब करने का आरोप, राजापेठ थाने मेें मामला दर्ज
अमरावती /दि.18– राजापेठ थाना क्षेत्र में संचालित एक मेडिकल रिसर्च सेवा संस्था से जुडे आर्थिक अनियमितता और धोखाधडी का सनसनीखेज मामला सामने आया है. संस्था के अधिकृत प्रतिनिधि की शिकायत पर पुलिस ने एक पूर्व कर्मचारी के खिलाफ विश्वासघात, आर्थिक धोखाधडी और सबूत मिटाने से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है. नामजद मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव आरोपी का नाम इशांत राजेश जाधव (32, अंबिका नगर) बताया गया है.
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता रोहन बाबासाहब भोकरे (39, कृष्णार्पण कालोनी) ने राजापेठ पुलिस थाने में बुधवार 17 जून को शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में बताया गया कि, उनकी पत्नी डॉ. केतकी रोहन भोकरे द्वारा संचालित न्यूरोन इंस्टीट्यूट ऑफ अप्लाइड रिसर्च संस्था देशभर के मेडिकल कॉलेजों, डॉक्टरों और छात्रों को रिसर्च, थीसिस, डिसर्टेशन और मैन्युस्क्रिप्ट पब्लिकेशन से संबंधित सहायता सेवाएं उपलब्ध कराती है. शिकायत के अनुसार संस्था में कार्यरत मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव इशांत राजेश जाधव (32, अंबिका नगर) पर आरोप है कि, उसने संस्था के अधिकृत बैंक खाते में रकम जमा कराने के बजाय कई डॉक्टरों और विद्यार्थियों से सीधे अपने निजी मोबाइल नंबर और डिजिटल भुगतान माध्यमों के जरिए रुपए प्राप्त किये. शिकायत में दावा किया गया है कि, आरोपी ने अलग-अलग समय पर कई ग्राहकों से रकम प्राप्त कर संस्था को इसकी जानकारी नहीं दी. जांच के दौरान कई डॉक्टरों और छात्रों ने संस्था से संपर्क कर सेवाएं न मिलने और भुगतान संबंधी शिकायतें की. जिसके बाद आंतरिक स्तर पर जानकारी जुटाई गई. आरोप है कि, आरोपी इशांत जाधव ने विभिन्न डॉक्टरों और विद्यार्थियों से दो लाख रुपए से अधिक की राशि अपने निजी खाते और ऑनलाइन भुगतान माध्यमों के जरिए प्राप्त की.
शिकायतकर्ता का कहना है कि, पूछताछ में आरोपी ने कुछ लेन-देन स्वीकार करते हुए राशि लौटने का आश्वासन भी दिया था. संस्था प्रबंधन ने मामले की जानकारी सामने आने के बाद संबंधित कर्मचारी को संस्था के बाहर कर दिया. शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि, आरोपी ने संस्था के रिकॉर्ड रुम में रखे अपने सेवा करार और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी गायब कर दिए. जिससे जांच और रिकॉर्ड सत्यापन प्रभावित हुआ. राजापेठ पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी इशांत राजेश जाधव के खिलाफ संबंधित धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है.

 

Back to top button