चिरोडी की गोशाला पर उठे सवाल
पूर्व सरपंच व ग्रामवासियों ने प्रशासन से मांगा जवाब

चांदूर रेलवे/दि.18- चांदूर रेलवे तहसील के चिरोडी गांव में पिछले दो वर्षों से संचालित एक गोशाला की वैधता को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. गांव की पूर्व सरपंच एवं प्रशासक अर्चना दारासिंग राठोड तथा ग्रामस्थों ने प्रशासन से सवाल किया है कि आखिर यह गोशाला अधिकृत है या नहीं.
ग्रामस्थों का आरोप है कि गोशाला संचालकों ने ग्राम पंचायत से किसी प्रकार की अनुमति नहीं ली है, जबकि परिसर में बड़े पैमाने पर निर्माण कार्य किया गया है और वहां गायों एवं बछड़ों को रखा जाता है. साथ ही, पकड़े गए पशुओं को भी इसी गोशाला में रखने की बात सामने आई है. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि गोशाला में रखे गए पशु प्रतिदिन चराई के लिए वन विभाग के जंगल क्षेत्र में जाते हैं. इसके अलावा, कई बार रात के समय 407 वाहन के माध्यम से पशुओं को बाहर ले जाने का भी आरोप लगाया गया है.
इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने अमरावती जिला प्रशासन तथा पशुसंवर्धन विभाग को ज्ञापन सौंपकर जांच की मांग की है. वहीं, इस संबंध में चांदूर रेलवे पुलिस स्टेशन में भी लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है. पूर्व सरपंच अर्चना राठोड और ग्रामस्थों ने मांग की है कि प्रशासन यह स्पष्ट करे कि इतनी बड़ी गोशाला के संचालन के लिए आवश्यक सरकारी एवं स्थानीय अनुमतियां ली गई हैं या नहीं. अब सभी की नजर प्रशासन की जांच और उसके आधिकारिक जवाब पर टिकी हुई है.