ट्रक और कार के बीच भिडंत में महिला समेत बालिका की मौत

तीन लोग गंभीर रुप से घायल

* यवतमाल जिले के जामवाडी के पास की घटना
यवतमाल /दि.18- तेज रफ्तार से दौड रहे ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण दुर्घटना में महिला समेत दो वर्षीय बालिका की मृत्यु हो गई तथा तीन लोग गंभीर रुप से घायल हो गये. यह घटना बुधवार को सुबह 8 बजे के दौरान दारव्हा रोड के जामवाडी तालाब के निकट घटित हुई. दुर्घटना में मृतक महिला का नाम रेणुका तुकाराम चव्हाण (55) और बालिका का नाम तृप्ति सूरज चव्हाण (2) है. जबकि घायलों में सूरज तुकाराम चव्हाण, मनीष सूरज चव्हाण और चालक पवन नंदू चव्हाण का समावेश है. सभी यवतमाल तहसील के अर्जुना गांव के रहने वाले है.
जानकारी के मुताबिक यवतमाल तहसील के अर्जुना गांव का चव्हाण परिवार एमएच-29/सीजे-2048 क्रमांक की कार से दारव्हा की तरफ जा रहा था. जामवाडी तालाब के निकट तेज रफ्तार ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी. दुर्घटना इतनी भीषण थी कि, कार के पीछे और सामने का हिस्सा काफी क्षतिग्रस्त हो गया. वाहन में सवार महिला, दो वर्षीय बालिका तथा तीन अन्य लोग गंभीर रुप से घायल हो गये. दुर्घटना की जानकारी मिलते ही लाडखेड पुलिस का दल घटनास्थल पहुंचा. उन्होंने तत्काल एम्बुलेंस बुलाकर घायलों को यवतमाल के शासकीय अस्पताल में भर्ती किया. जहां डॉक्टरों ने जांच कर महिला और बालिका को मृत घोषित किया. चालक और अन्य दो की हालत चिंताजनक रहने से उन्हें नागपुर रेफर किया गया है. इस भीषण दुर्घटना में आरोपी ट्रक अज्ञात है. घटना के बाद वह फरार होने की जानकारी पुलिस द्वारा दी गई.

Back to top button