बस यात्रा के दौरान महिला के पर्स से 5.60 लाख के सोने के गहने चोरी
मामला दर्ज, राजापेठ थाना क्षेत्र की घटना

अमरावती/दि.25 – बेटे की शादी के लिए पुराने गहने बेचने अकोला से अमरावती आ रही एक महिला के पर्स से अज्ञात चोर द्वारा 5 लाख 60 हजार रुपए के सोने के गहने चोरी किए जाने का मामला सामने आया है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. यह घटना राजापेठ थाना क्षेत्र में घटित हुई.
जानकारी के मुताबिक अकोला के मलकापुर रोड के कोठारी वाटिका निवासी जयश्री अनासाने नामक महिला के बेटे की शादी तय होने से पैसों की जरूरत होने के कारण उसने घर के पुराने सोने के गहने बेचने का निर्णय लिया था. जयश्री का दामाद अमरावती में रहता है और वह गहने बेचने के उद्देश्य से 22 मई की सुबह करीब 10 बजे अकोला से अकेले अमरावती के लिए रवाना हुई. महिला ने अपने सोने के गहने एक छोटे पर्स में रखकर उसे हैंडबैग के अंदर सुरक्षित रखे थे. यात्रा के दौरान बस में एक अज्ञात व्यक्ति उसके बगल में बैठा था. दोपहर करीब 12.30 बजे वह अमरावती के नवाथे स्टॉप पर उतरी और वहां से एकवीरा नगर स्थित अपने रिश्तेदार विलास शंकरराव अनासने के घर पहुंची. कुछ समय बाद जब वह बाजार जाने के लिए निकली और अपना हैंडबैग चेक किया, तब उसे पता चला कि बैग में रखा गहनों वाला पर्स गायब है. इसके बाद जयश्री अनासाने और उसके रिश्तेदार विलास अनासने ने अकोला तथा अमरावती में संभावित स्थानों पर गहनों की तलाश की, लेकिन कहीं पता नहीं चला. आखिरकार महिला को संदेह हुआ कि अकोला से अमरावती के बीच बस यात्रा के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके पर्स से सोने के गहने चोरी कर लिए. शिकायत के आधार पर राजापेठ पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.





