कालाबाजारी के लिए ले जाए जा रहे 77.5 क्विंटल सरकारी चावल जब्त

2.32 लाख का माल और पिकअप वाहन पकड़ा

* आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई
* अमरावती ग्रामीण अपराध शाखा की कार्रवाई
अमरावती/दि.29 – अमरावती ग्रामीण अपराध शाखा ने सरकारी राशन के चावल की कथित कालाबाजारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 77.50 क्विंटल चावल और एक पिकअप वाहन जब्त किया है. जब्त किए गए चावल की अनुमानित कीमत 2.32 लाख बताई गई है.
पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के निर्देशानुसार जिले में अवैध व्यापार, कालाबाजारी और तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत स्थानीय अपराध शाखा की टीम को सूचना मिली कि एमआईडीसी क्षेत्र में द्वारगांव-मोझरी-तिवसा मार्ग स्थित एक बंद कारखाने में सार्वजनिक वितरण प्रणाली का चावल अवैध रूप से उतारा जा रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर छापा मारा. जांच के दौरान अशोक लेलैंड पिकअप क्रमांक एमएच-40/सीएम-0142 और गोदाम से सरकारी राशन वितरण का चावल बरामद हुआ. मौके पर मौजूद लोगों से चावल के परिवहन और भंडारण संबंधी लाइसेंस तथा बिल मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके. कार्रवाई के दौरान 50-50 किलोग्राम के 155 बोरे, कुल 7,750 किलोग्राम चावल, जिसकी अनुमानित कीमत 2,32,500 है, जब्त कर लिया गया. पुलिस ने चावल के नमूने लेकर आगे की जांच के लिए आपूर्ति निरीक्षक शीतल अंबटकर को सौंप दिए हैं. नमूना जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इस मामले में पंकज बर्डे, संदीप मेश्राम तथा वाहन चालक अक्षय धुर्वे से पूछताछ की गई है. पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड़ के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक अशोक लांडे, सहायक पुलिस निरीक्षक संतोष गुर्जर तथा उनकी टीम ने माहुली पुलिस के सहयोग से की. पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम ने स्पष्ट किया है कि जिले में कालाबाजारी, अवैध व्यापार और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

Back to top button