8 लाख 40 हजार नागरिकों का टीकाकरण करने में छूटेगा पसीना
9 लाख 50 हजार लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य

-
अब तक 1 लाख 10 हजार को लग चुकी कोविड वैक्सीन
-
जिले में 35 सरकारी व निजी टीकाकरण केंद्र
-
नये केंद्र शुरू करने का चल रहा नियोजन
-
अपर्याप्त मनुष्यबल भी बडी समस्या
अमरावती/प्रतिनिधि दि.३१ – जिले में कुल 9 लाख 50 हजार नागरिकों को कोविड वैक्सीन का टीका लगाये जाने का लक्ष्य तय किया गया है और विगत 16 जनवरी से टीकाकरण अभियान शुरू होने के बाद ढाई माह के दौरान अब तक 1 लाख 10 हजार हेल्थ वर्कर, फ्रंट लाईन वर्कर एवं वरिष्ठ नागरिकों सहित 45 वर्ष से अधिक आयुवाले बीमार लोगों को जिले के 35 सरकारी व निजी टीकाकरण केंद्रों पर कोविड वैक्सीन का टीका लगाया जा चुका है. साथ ही 14 हजार 900 लोगों को कोविड वैक्सीन का दूसरा डोज भी दिया जा चुका है. किंतु असली चुनौती अब शुरू होने जा रही है. जब जिले के शेष 8 लाख 40 हजार लाभार्थियोें को इन्हीं मर्यादित संख्यावाले टीकाकरण केंद्रों व अपर्याप्त मनुष्यबल के जरिये कोविड वैक्सीन का टीका लगाये जाने का काम शुरू किया जायेगा.
बता दें कि, 1 अप्रैल से 35 वर्ष से अधिक आयुवाले सभी नागरिकों को डॉक्टरों के किसी भी प्रमाणपत्र के बिना टीका लगाये जाने की शुरूआत होगी. ऐसे में सभी टीकाकरण केंद्रों पर कोविड वैक्सीन का टीका लगवाने हेतु अच्छीखासी भीडभाड होना तय है. ऐसे में यदि टीकाकरण केंद्रों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की संख्या नहीं बढायी जाती है, तो स्वास्थ्य महकमे को कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड सकता है. किंतु बावजूद इसके फिलहाल इस हेतु किसी तरह का कोई नियोजन दिखाई नहीं दे रहा. कुछ अधिकारियों के मुताबिक 8 लाख 40 हजार लोगों का टीकाकरण करने हेतु केवल 35 केंद्र पर्याप्त नहीं है. साथ ही इन टीकाकरण केंद्रों पर कार्यरत स्वास्थ्य कर्मियों की संख्या भी कम पड जायेगी. ऐसे में टीकाकरण केंद्रोें के साथ-साथ स्वास्थ्य कर्मियों की संख्या को बढाना भी बेहद जरूरी है. क्योंकि 1 अप्रैल के बाद सभी टीकाकरण केंद्रों पर लोगोें की दोगुना अधिक भीड दिखाई दे सकती है.
उल्लेखनीय है कि, इस समय ही टीकाकरण के कार्य में कई तरह की दिक्कतें दिखाई दे रही है. जिसके तहत कोविन ऍप का पंजीयन पोर्टल काफी धीमी गति से काम कर रहा है. साथ ही लोगों को टीकाकरण केंद्रों पर दो से तीन घंटे रूकना पडता है. ऐसे में पहले ही सभी टीकाकरण केंद्रों पर अच्छीखासी भीडभाड का नजारा दिखाई देता है. वहीं अब 1 अप्रैल के बाद लाभार्थियों की संख्या में इजाफा होगा, तो भीडभाड और अधिक बढेगी. ऐसे में प्रशासन को टीकाकरण केंद्रों सहित स्वास्थ्य कर्मियों की संख्या बढाने का नियोजन करना होगा.
-
जिले में पर्याप्त टीकाकरण केंद्र
अमरावती शहर सहित जिले में 30 सरकारी टीकाकरण केंद्र है, जो पर्याप्त है. 45 वर्ष से अधिक आयुवाले सभी लोगों का टीकाकरण शुरू होने के बाद भी इस काम में कोई विशेष फर्क नहीं पडेगा.
– डॉ. विनोद करंजीकर
टीकाकरण नियोजन अधिकारी
-
अधिक से अधिक लोग लगवाये वैक्सीन
शहर सहित जिले के अधिक से अधिक नागरिकों द्वारा कोविड प्रतिबंधात्मक वैक्सीन लगाया जाना बेहद जरूरी है. जितने अधिक लोगों द्वारा टीकाकरण करवाया जायेगा, उतना ही कोविड संक्रमण का खतरा कम होगा.
– डॉ. श्यामसुंदर निकम
जिला शल्य चिकित्सक
-
सभी केंद्रों पर व्यवस्था बढायी जायेगी
शहर में जिन स्थानों पर मनपा के टीकाकरण केंद्र है, उन्हीं स्थानों पर टीकाकरण के लिए और अधिक व्यवस्था उपलब्ध करायी जायेगी. साथ ही कुछ नये स्थानों पर भी टीकाकरण केंद्र शुरू करने हेतु चर्चा चल रही है.
– डॉ. विशाल काले
वैद्यकीय स्वास्थ्य अधिकारी, अमरावती मनपा
-
समूचित नियोजन चल रहा है
45 वर्ष से अधिक आयुवाले सभी नागरिकों को आगामी 1 अप्रैल से कोविड वैक्सीन का टीका लगाया जायेगा. ऐसे में टीकाकरण केंद्र एवं मनुष्यबल को लेकर जिले के स्वास्थ्य विभाग द्वारा तमाम आवश्यक नियोजन किया जा रहा है. स्वास्थ्य महकमे द्वारा कुल जनसंख्या के 30 प्रतिशत नागरिकों को कोविड वैक्सीन का टीका लगाये जाने का लक्ष्य तय किया गया है.
– डॉ. दिलीप रणमले
जिला स्वास्थ्य अधिकारी, जिप, अमरावती.





